'मुश्किल वक्त में हम साथ हैं', रूस का विमान चीन सीमा के पास संपर्क टूटने के बाद क्रैश, सभी 48 यात्रियों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस में हुए एक यात्री विमान हादसे में 48 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। यह दुर्घटना रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र में चीन की सीमा के पास हुई, जिसमें विमान में सवार सभी यात्रियों की जान चली गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, "रूस में हुए दुखद विमान हादसे में हुई जानमाल की हानि से मैं बहुत दुखी हूँ। पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। दुख की इस घड़ी में, हम रूस और उसके नागरिकों के साथ खड़े हैं।"
विमान लैंडिंग की तैयारी कर रहा था
यह दुर्घटना गुरुवार को उस समय हुई जब एंटोनोव एएन-24 यात्री विमान लैंडिंग की तैयारी कर रहा था। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, यह विमान 1976 में बना था और पहली लैंडिंग की कोशिश विफल होने के बाद दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। रडार स्क्रीन से गायब होने के बाद एक खोजी हेलीकॉप्टर ने मलबे की तलाश की।
प्रधानमंत्री मोदी ब्रिटेन और मालदीव के दौरे पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय ब्रिटेन और मालदीव के दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते को ब्रेक्सिट के बाद ब्रिटेन का सबसे बड़ा व्यापार समझौता माना जा रहा है।

