नेतन्याहू की सरकार पर संकट के बादल, विपक्ष के नए दांव से बदल सकता है इजराइल का सियासी गणित
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सत्ता पर खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। उन्हें पद से हटाने के लिए विपक्ष ने राजनीतिक रणनीति तेज कर दी है। इस कोशिश में नेतन्याहू के पुराने सहयोगी भी उनका साथ छोड़ सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो सरकार के लिए संसद में बहुमत बनाए रखना मुश्किल हो सकता है।
इस पूरे घटनाक्रम में यूनाइटेड टोरा जूडिज्म पार्टी की भूमिका अहम मानी जा रही है। पार्टी नेतन्याहू का साथ छोड़कर विपक्षी नेता आइजनकोट के समर्थन में आ सकती है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक समर्थन देने का औपचारिक ऐलान नहीं किया है। उसके धार्मिक नेताओं ने आइजनकोट के साथ बातचीत करने की मंजूरी जरूर दे दी है।
आइजनकोट के साथ फिलहाल 48 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। यदि यूनाइटेड टोरा जूडिज्म के सभी 7 सांसद उनके पक्ष में आ जाते हैं, तो यह संख्या बढ़कर 55 हो जाएगी। इजराइल की संसद में बहुमत के लिए 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में आइजनकोट बहुमत के आंकड़े से केवल 6 सीट दूर रह जाएंगे।
इसके बाद उन्हें बहुमत हासिल करने के लिए अरब पार्टियों या अन्य सांसदों का समर्थन जुटाना होगा। फिलहाल सभी की नजर यूनाइटेड टोरा जूडिज्म के अगले कदम पर है। पार्टी का फैसला इजराइल की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है।

