कैलिफोर्निया में केमिकल टैंक लीक से हड़कंप, वीडियो में देंखे डिज्नीलैंड के पास 40 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में एक बड़े केमिकल रिसाव की घटना ने हड़कंप मचा दिया है। डिज्नीलैंड थीम पार्क से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित एक एयरोस्पेस फैक्ट्री में रखा केमिकल टैंक अचानक ओवरहीट हो गया, जिसके बाद इलाके में जहरीली गैस फैलने का खतरा पैदा हो गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के करीब 40 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
यह घटना कैलिफोर्निया के ऑरेंज काउंटी स्थित गार्डन ग्रोव शहर की बताई जा रही है। यहां जीकेएन एयरोस्पेस नाम की कंपनी में मिथाइल मेथाक्रिलेट नामक रसायन से भरा एक प्रेशराइज्ड टैंक अत्यधिक गर्म हो गया। गर्मी बढ़ने के कारण टैंक से जहरीली गैस निकलने लगी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
ऑरेंज काउंटी फायर अथॉरिटी के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि टैंक के फटने या उसमें दरार आने का खतरा बना हुआ है। यदि ऐसा होता है तो जहरीला केमिकल जमीन पर फैल सकता है, जिससे आसपास के लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। इसी आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत बड़े स्तर पर रेस्क्यू और निकासी अभियान शुरू कर दिया।स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, कई स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। साथ ही लोगों के लिए राहत शिविर भी बनाए गए हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण कई शिविर पूरी तरह भर चुके हैं। प्रभावित परिवारों को खाने-पीने और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में आपातकाल जैसी स्थिति बन गई है। दमकल विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञ टैंक का तापमान कम करने और गैस रिसाव को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि बड़ा हादसा टाला जा सके।मिथाइल मेथाक्रिलेट एक ज्वलनशील और खतरनाक रसायन माना जाता है, जिसका इस्तेमाल प्लास्टिक और एयरोस्पेस उद्योग में किया जाता है। इसके संपर्क में आने से सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसी वजह से प्रशासन लोगों को प्रभावित इलाके से दूर रहने की लगातार अपील कर रहा है।
घटना का असर डिज्नीलैंड क्षेत्र पर भी पड़ सकता है, क्योंकि यह फैक्ट्री मशहूर थीम पार्क के बेहद करीब स्थित है। हालांकि अभी तक डिज्नीलैंड प्रशासन की ओर से किसी बड़े खतरे की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए हैं।फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में लाने की कोशिश जारी है। साथ ही इस बात की भी जांच शुरू कर दी गई है कि टैंक ओवरहीट होने की वजह क्या थी और क्या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही हुई थी।

