Samachar Nama
×

कैरोलीन लेविट की अमेरिकियों से अपील- जल्दी शादी करें, ज्यादा बच्चे पैदा करें और चर्च के संस्कारों में करें परवरिश; सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

कैरोलीन लेविट की अमेरिकियों से अपील- जल्दी शादी करें, ज्यादा बच्चे पैदा करें और चर्च के संस्कारों में करें परवरिश; सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पूर्व प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अमेरिका में नई बहस शुरू हो गई है। उन्होंने अमेरिकियों से जल्दी शादी करने, ज्यादा बच्चे पैदा करने और बच्चों की परवरिश चर्च के संस्कारों के साथ करने की अपील की है। उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं। कुछ यूजर्स ने उनकी बात का समर्थन किया है, जबकि कई लोगों ने इस सोच पर सवाल उठाए हैं।

दरअसल, कैरोलीन लेविट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट के साथ द वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया। इस रिपोर्ट में प्रकाशित एक स्टडी के हवाले से दावा किया गया है कि साल 2035 तक दुनिया में मुस्लिम आबादी सबसे अधिक हो सकती है। रिपोर्ट में अमेरिका की धार्मिक आबादी में संभावित बदलाव का भी जिक्र किया गया है। इसमें अनुमान जताया गया है कि भविष्य में अमेरिका ईसाई बहुल देश नहीं रह सकता।

लेविट ने अमेरिकियों को क्या संदेश दिया?

कैरोलीन लेविट ने अपनी पोस्ट में अमेरिकियों से परिवार और पारंपरिक मूल्यों को प्राथमिकता देने की अपील की। उनका कहना है कि लोग कम उम्र में शादी करें, ज्यादा बच्चे पैदा करें और एक मजबूत परिवार बनाएं।

उन्होंने बच्चों को चर्च के संस्कारों के साथ बड़ा करने और उनमें अमेरिका के प्रति प्रेम की भावना विकसित करने की बात भी कही। उनकी इस अपील को कुछ यूजर्स ने ईसाई धर्म और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने की कोशिश बताया है।

सोशल मीडिया पर दो गुटों में बंटे लोग

लेविट की पोस्ट पर कई लोगों ने उनका समर्थन किया। इन यूजर्स का कहना है कि बच्चों की परवरिश धार्मिक और पारिवारिक मूल्यों के साथ होनी चाहिए। उनके मुताबिक, परिवार और संस्कृति किसी भी समाज की पहचान होते हैं।

हालांकि, दूसरे वर्ग ने उनकी अपील पर आपत्ति जताई है। आलोचकों का कहना है कि किसी को यह निर्देश नहीं दिया जा सकता कि वह किस धर्म को माने या अपने बच्चों की परवरिश किस धार्मिक परंपरा के अनुसार करे। बच्चों को बड़े होने पर अपनी पसंद से धर्म और जीवन के मूल्यों को चुनने की आजादी मिलनी चाहिए।

महंगाई और बच्चों की परवरिश का मुद्दा भी उठा

इस बहस में कई यूजर्स ने अमेरिका में बढ़ती महंगाई और जीवनयापन की लागत का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि आज के समय में बच्चों की परवरिश करना आसान नहीं है। स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, डे केयर और रोजमर्रा की जरूरतों पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है।

ऐसे में केवल ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील करने से काम नहीं चलेगा। सरकार और समाज को परिवारों के लिए बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध करानी होंगी।

एक यूजर ने सवाल उठाया कि जब कुछ राजनीतिक नेता मैटरनिटी लीव और डे केयर जैसी सुविधाओं का विरोध करते हैं, तो फिर उनसे ज्यादा बच्चे पैदा करने की उम्मीद कैसे की जा सकती है? वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि मौजूदा महंगाई में कई परिवार एक या दो बच्चों का खर्च उठाने में भी मुश्किल महसूस कर रहे हैं।

मुस्लिम और ईसाई आबादी के बीच तुलना पर भी सवाल

कुछ यूजर्स ने मुस्लिम और ईसाई आबादी की तुलना करते हुए इस मुद्दे को धार्मिक प्रतिस्पर्धा के रूप में देखने पर भी आपत्ति जताई। एक यूजर ने लिखा कि मुस्लिम और ईसाई समुदायों के बीच ज्यादा बच्चे पैदा करने की कोई प्रतियोगिता नहीं होनी चाहिए।

वहीं, एक अन्य यूजर ने अमेरिका और पश्चिमी देशों की सांस्कृतिक पहचान को लेकर चिंता जताई और कहा कि इसके समाधान के तौर पर आव्रजन पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

फिलहाल, कैरोलीन लेविट की यह पोस्ट अमेरिका में परिवार, धर्म, जनसंख्या, महंगाई और व्यक्तिगत स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर नई बहस का कारण बन गई है।

Share this story

Tags