BREAKING:Turkey Helicopter Crash: ट्रेनिंग के दौरान वायुसेना का हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार, 5 जवानों की मौत
तुर्किये में मंगलवार शाम वायुसेना का AS-532 कूगर हेलिकॉप्टर ट्रेनिंग उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी पांच क्रू मेंबर्स की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव दल भेजा गया। अधिकारियों ने हेलिकॉप्टर का मलबा बरामद कर लिया है।
तुर्किये के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने एस्किशेहिर एयरबेस से उड़ान भरी थी। इसके बाद शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर योरुकाकचायर गांव के पास यह क्रैश हो गया। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
दो हफ्ते में दूसरा सैन्य हेलिकॉप्टर हादसा
तुर्किये की सेना में पिछले दो सप्ताह के भीतर यह दूसरा हेलिकॉप्टर हादसा है। इससे पहले 12 नवंबर को मालात्या के पास सेना का सिकोरस्की S-70 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में भी चार क्रू मेंबर्स की जान चली गई थी।
लगातार दो सैन्य हेलिकॉप्टर हादसों के बाद दुर्घटनाओं के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, ताजा हादसे की वजह जानने के लिए जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

