Samachar Nama
×

BREAKING:UAE में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से 14 की मौत, तीन भारतीय एक ही परिवार के

BREAKING:UAE में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से 14 की मौत, तीन भारतीय एक ही परिवार के

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर चल रहे और खड़े 23 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे 14 लोगों की मौत हो गई और करीब 30 लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन भारतीय भी शामिल हैं, जो केरल के मलप्पुरम जिले के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंधित थे।

हादसा फुजैराह शहर के एंट्री रूट पर आधी रात से कुछ समय पहले हुआ। उस वक्त सड़क पर यातायात धीमी गति से चल रहा था। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। ट्रक पहले एक अन्य वाहन से टकराया और इसके बाद पलटते हुए कई कारों और ट्रकों से जा भिड़ा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही समय में कई वाहनों में आग फैल गई। हादसे में कुल 23 वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें 18 कारें और पांच ट्रक शामिल बताए गए हैं। आग की चपेट में आने के कारण कुछ शव बुरी तरह झुलस गए। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए DNA जांच की जा रही है।

सात देशों के नागरिकों की मौत

UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में मरने वालों में सात देशों के नागरिक शामिल हैं। इनमें UAE, ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक बताए गए हैं। हादसे में घायल करीब 30 लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से लगभग आधे घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचावकर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

तीन भारतीयों की मौत से परिवार में मातम

हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों की पहचान मुहम्मद अस्मिल, उनकी जुड़वां बहन मिस्ना जुबिन और मुहम्मद फैज के रूप में हुई है। तीनों केरल के मलप्पुरम जिले के एक ही परिवार से थे। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से उनके परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।

केरल सरकार ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने अधिकारियों से परिवार के संपर्क में रहने और जरूरी मदद मुहैया कराने को कहा है।

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। दूतावास के अधिकारियों के अनुसार, वे मृतकों के परिवारों के संपर्क में हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं। हादसे की परिस्थितियों को लेकर स्थानीय अधिकारी आगे की जांच कर रहे हैं।

Share this story

Tags