BREAKING:Colombia Crime: कार्टाजेना के सुपरमार्केट में घुसे हथियारबंद बदमाश, 20 लोगों को बनाया बंधक; एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
कोलंबिया के कार्टाजेना शहर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ बदमाशों ने एक सुपरमार्केट में घुसकर 20 लोगों को बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों का मकसद कैश लेकर जा रही एक बख्तरबंद गाड़ी को लूटना था। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बदमाश सुबह करीब 8 बजे सुपरमार्केट पहुंचे थे। उस समय एक बख्तरबंद वाहन में नकदी ले जाई जा रही थी। बदमाशों ने इसी वाहन को निशाना बनाकर लूट की कोशिश की।
हालांकि, सुपरमार्केट में लगे सुरक्षा कैमरों पर नजर रख रहे कर्मचारियों को संदिग्ध गतिविधियों का पता चल गया। उन्होंने तुरंत पैनिक बटन दबाकर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए।
पुलिस को देखकर बदमाश सुपरमार्केट के अंदर घुस गए और वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया।
इस कार्रवाई का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। सुरक्षा अभियान के चलते शहर के राफेल नुनेज एयरपोर्ट पर करीब 45 मिनट तक विमानों की लैंडिंग रोकनी पड़ी।
फिलहाल घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। बंधक बनाए गए लोगों की सुरक्षित रिहाई और बदमाशों को पकड़ना पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।

