BREAKING:Cairo Highway Accident: तेल टैंकर पलटने से भीषण आग, 31 लोगों की मौत और 21 घायल
मिस्र की राजधानी काहिरा के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा हाईवे पर हुआ, जहां तेल से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद टैंकर में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते सड़क पर भीषण आग फैल गई।
आग की चपेट में हाईवे पर मौजूद कई वाहन भी आ गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो दर्जन से ज्यादा कारें और बाइक जलकर खाक हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
टैंकर पलटने के बाद फैली आग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तेल से भरा ट्रक काहिरा के पास हाईवे पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही तेल सड़क पर फैल गया और इसके बाद आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने आसपास खड़े वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
जलती कारों से लोगों को बाहर निकाला
आग लगने के समय कई लोग अपने वाहनों में फंस गए थे। मौके पर मौजूद लोगों और राहतकर्मियों ने जलती कारों से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। सैकड़ों लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में 31 लोगों की जान चली गई है और 21 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

