अमेरिका का बड़ा एक्शन: होर्मुज स्ट्रेट में फंसे जहाजों के लिए ‘Project Freedom’ शुरू, ट्रम्प बोले- ईरान ने दखल दिया तो....'
US के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को सुरक्षित रूप से निकालने के लिए एक समुद्री ऑपरेशन शुरू करने की घोषणा की है। इस मिशन का नाम ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ रखा गया है। रविवार को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बताया कि कई देशों ने अमेरिका से मदद मांगी है, क्योंकि उनके जहाज इस इलाके में फंस गए हैं। ट्रंप ने इन जहाजों और उनके क्रू को बेकसूर बताया और कहा कि मौजूदा हालात की वजह से वे मुश्किल में फंस गए हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि अमेरिका इन जहाजों को सुरक्षित रास्ता देगा, जिससे वे बिना किसी खतरे के अपना काम जारी रख सकें। यह ऑपरेशन सोमवार सुबह शुरू होने वाला है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने इस ऑपरेशन के दौरान कोई रुकावट डाली, तो अमेरिका इसका कड़ा जवाब देगा।
पिछले 24 घंटों की 5 बड़ी खबरें…
1. ईरान की चेतावनी: IRGC के पूर्व कमांडर मोहसिन रज़ाई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अमेरिकी सेनाओं के लिए कब्रगाह बन जाएगा।
2. नया शांति प्रस्ताव: अमेरिका को ईरान से 14-सूत्रीय प्रस्ताव मिला है, जिसे पाकिस्तान की मध्यस्थता से भेजा गया है। ट्रंप ने कहा कि वे अभी इस नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं।
3. मालवाहक जहाज पर हमला: होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बड़े मालवाहक जहाज पर छोटी नावों से हमला किया गया। इसमें किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
4. अब तक 49 जहाजों का रास्ता बदला गया: US सेंट्रल कमांड ने बताया है कि ईरानी बंदरगाहों की चल रही नाकेबंदी के बीच, अब तक 49 कमर्शियल जहाजों के रास्ते बदले गए हैं।
5. US में गैस की बढ़ती कीमतें: अमेरिका में गैसोलीन की कीमत बढ़कर $4.45 (₹370) प्रति गैलन (3.78 लीटर) हो गई है। 28 फरवरी से अब तक गैसोलीन की कीमत में $1.47 (₹122) की बढ़ोतरी हुई है।

