फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बड़ा हंगामा, को-पायलट ने साथी पायलट पर चाकू से किया हमला; क्रैश कराने की कोशिश का दावा
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथित तौर पर को-पायलट ने अपने साथी पायलट पर चाकू से हमला कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, को-पायलट ने विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की और विमान को जमीन की तरफ मोड़ने लगा। इस दौरान दूसरे पायलट और कुछ यात्रियों ने मिलकर उसे रोक लिया। घटना के बाद विमान से हाईजैक अलर्ट भेजा गया।
करीब 180 यात्री थे सवार
द टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई। फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें लगभग 150 इजराइली नागरिक बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई।इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स में चश्मदीदों के हवाले से बताया गया कि विवाद उस समय शुरू हुआ, जब एक पायलट ने कथित तौर पर विमान को जमीन की ओर मोड़ दिया। विमान के नीचे जाने का एहसास होते ही आगे बैठे कुछ यात्री तुरंत कॉकपिट की ओर दौड़े।
यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर रोका
चश्मदीदों के अनुसार, यात्रियों ने कथित हमलावर पायलट से हाथापाई की और उसे कॉकपिट से बाहर कर दिया। इसी दौरान दूसरे पायलट ने विमान का नियंत्रण संभाल लिया। एक यात्री ने बताया कि विमान में सादे कपड़ों में दो अन्य पायलट भी मौजूद थे। इनमें से एक ने कॉकपिट में पहुंचकर विमान की कमान संभाली।घटना के बाद विमान से हाईजैक का अलर्ट भेजा गया। इसके बाद इजराइल ने तुरंत फाइटर जेट्स रवाना किए। उनकी निगरानी में फ्लाइट का मार्ग बदला गया और विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
घटना की जांच जारी
फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, सामने आई जानकारी में घटना के पीछे को-पायलट की कथित मंशा और उसके द्वारा विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।इजराइली मीडिया में प्रकाशित विवरण फिलहाल चश्मदीदों और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। घटना से जुड़े पूरे मामले की जांच की जा रही है और आधिकारिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विमान के भीतर वास्तव में घटनाक्रम किस तरह शुरू हुआ और किस वजह से स्थिति इतनी गंभीर हुई।

