Samachar Nama
×

बांग्लादेशी PM ने हिंसा के लिए शेख हसीना को ठहराया जिम्मेदार: बोले- सीमा पार बैठे आकाओं को खुश करने के लिए देश के खिलाफ साजिश रच रहे

बांग्लादेशी PM ने हिंसा के लिए शेख हसीना को ठहराया जिम्मेदार: बोले- सीमा पार बैठे आकाओं को खुश करने के लिए देश के खिलाफ साजिश रच रहे

बांग्लादेश में लगातार बढ़ रही राजनीतिक हिंसा और आगजनी के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि देश छोड़कर भागे अवामी लीग के नेता सीमा पार बैठे अपने आकाओं को खुश करने के लिए बांग्लादेश और उसके लोगों के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा भारत की ओर माना जा रहा है। शेख हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद से भारत में रह रही हैं।

लालमोनिरहाट की सभा में दिया बयान

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने गुरुवार को बांग्लादेश के उत्तरी जिले लालमोनिरहाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवामी लीग के नेताओं ने कभी बांग्लादेश और यहां के लोगों के हितों की चिंता नहीं की। अब देश से बाहर रहने के बावजूद वे देश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

रहमान ने कहा कि वे जिस देश में भागकर गए हैं, वहां उनके आका मौजूद हैं। उन्हीं आकाओं को खुश करने के लिए उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ फिर से साजिश शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या वे देश में ऐसी गतिविधियों को जारी रहने देंगे।

आगजनी और हत्याओं की राजनीति का आरोप

तारिक रहमान ने अवामी लीग के समर्थकों पर आगजनी, हमले और राजनीतिक विरोधियों की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश छोड़ने के बाद भी ये लोग हिंसा की राजनीति कर रहे हैं और पीछे से लोगों पर हमले कर रहे हैं।

इससे पहले संसद में भी रहमान ने शेख हसीना और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि विरोधियों के घरों में आग लगाने और राजनीतिक विरोधियों की हत्या के लिए सूची तैयार करने जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। हालांकि, ये सभी आरोप बांग्लादेश सरकार की ओर से लगाए गए हैं।

अवामी लीग के बंद के दौरान बढ़ी हिंसा

बांग्लादेश में गुरुवार को अवामी लीग की ओर से बुलाए गए देशव्यापी बंद के दौरान कई इलाकों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। वाहनों, दुकानों, राजनीतिक कार्यालयों और सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाया गया। कुछ जगहों पर देसी बम धमाकों की भी खबरें सामने आईं।गोपालगंज में हिंसा का असर ज्यादा देखने को मिला। यहां पुलिस थाने, सत्तारूढ़ दल के नेताओं के घरों और अन्य संपत्तियों पर हमले किए गए। कई जगहों पर सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई।

दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की तैयारी में हसीना

इस बीच शेख हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। उन्होंने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए भी आवेदन किया है। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की है। हसीना की संभावित वापसी को लेकर देश में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।तारिक रहमान की सरकार ने अवामी लीग के नेताओं पर विदेश में रहकर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। वहीं, बांग्लादेश में लगातार हो रही घटनाओं के बीच सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

Share this story

Tags