Bangladesh News: शेख हसीना का भारत आने वाला वीडियो बनाने वाले पूर्व एयरफोर्स अधिकारी का शव नदी में मिला, RAW से जुड़े थे आरोप
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़कर भारत आने का वीडियो बनाने वाले पूर्व एयरफोर्स अधिकारी केएम तौसीफ सौरी का शव ढाका की तुराग नदी में मिला है। 28 अक्टूबर को राजाबाड़ी घाट के पास उनका शव बरामद किया गया। सौरी पर बांग्लादेश की खुफिया एजेंसी RAW से संबंध होने के आरोप लगे थे, हालांकि सैन्य जनसंपर्क निदेशालय ने इन दावों को खारिज किया था।
फिलहाल उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उनके परिवार ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जेब में मिले आईफोन से हुई पहचान
बांग्लादेशी अखबार 'द डेली स्टार' के मुताबिक, सौरी का शव ढाका में तुराग नदी के राजाबाड़ी घाट के पास मिला था। उन्होंने सफेद पैंट और काली शर्ट पहन रखी थी। शुरुआत में पुलिस शव की पहचान नहीं कर पाई।
बाद में उनकी जेब से मिले आईफोन के जरिए पहचान की गई। शव के पास एक कलाई घड़ी भी मिली थी। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ढाका के शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
शेख हसीना का वीडियो सामने आने के बाद गई थी नौकरी
5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर से देश छोड़कर भारत पहुंची थीं। उनके बांग्लादेश छोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
बताया जाता है कि इस घटना के कुछ समय बाद सितंबर 2024 में सौरी को एयरफोर्स से हटा दिया गया था। उनके पिता इनायतुल करीम हेलाल के मुताबिक, परिवार को बताया गया था कि उन्हें अनुशासन संबंधी कारणों से सेवा से हटाया गया है।
हालांकि, परिवार का कहना था कि सौरी का सर्विस रिकॉर्ड अच्छा था और वह करीब 200 घंटे विमान उड़ा चुके थे। दूसरी ओर, बांग्लादेश एयरफोर्स ने स्पष्ट किया था कि उनकी सेवा समाप्त करने का शेख हसीना के वीडियो से कोई संबंध नहीं था। उन्हें नियमों के तहत रिटायर किया गया था।
RAW से संबंधों की रिपोर्ट को बताया था प्रोपेगेंडा
बांग्लादेशी अखबार 'अमर देश' ने दावा किया था कि एयरफोर्स की जांच में कुछ अधिकारियों के भारत की खुफिया एजेंसी RAW से संबंध सामने आए हैं। हालांकि, बांग्लादेश के सैन्य जनसंपर्क निदेशालय ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।
जुलाई 2026 में सौरी 'स्पीक विद राशिद' नाम के पॉडकास्ट में शामिल हुए थे। इस दौरान उनसे पूछा गया कि क्या शेख हसीना का वीडियो बनाने की वजह से उनकी नौकरी गई थी? इस पर उन्होंने जवाब दिया था, 'हो सकता है।'
RAW से संबंधों के आरोपों पर उन्होंने कहा था कि यह रिपोर्ट प्रोपेगेंडा थी और इसके जरिए उनके खिलाफ गलत बातें फैलाई गई थीं।
फाइटर जेट हादसे की जांच पर भी उठाए थे सवाल
इसी पॉडकास्ट में सौरी ने 21 जुलाई 2025 को हुए फाइटर जेट हादसे की जांच पर भी सवाल उठाए थे। उस दिन बांग्लादेश एयरफोर्स का एक ट्रेनिंग विमान ढाका के मिलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज में गिर गया था।
इस हादसे में 37 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 170 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। सौरी ने विमान के रखरखाव और दुर्घटना की जांच प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे।
पिता ने जताई हत्या की आशंका
सौरी के पिता इनायतुल करीम हेलाल ने बताया कि पॉडकास्ट वायरल होने के बाद उनका बेटा अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहने लगा था। उनके मुताबिक, सौरी कभी-कभी डर लगने की बात करते थे, लेकिन इसकी वजह विस्तार से नहीं बताते थे।
'ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, सौरी के पिता और चचेरी बहन ने उनकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उनकी मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य वजह से हुई।
पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल इस मामले में किसी साजिश या हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।

