ऑस्ट्रेलिया टूरिस्ट वीजा के नियम बदले, वीडियो में जाने अब अवधि नहीं बढ़ा सकेंगे भारतीय यात्री; रिटर्न टिकट भी जरूरी
ऑस्ट्रेलिया घूमने जाने की तैयारी कर रहे भारतीय यात्रियों के लिए अहम खबर है। ऑस्ट्रेलिया ने टूरिस्ट वीजा के नियमों में बदलाव किया है। नए नियम शनिवार से लागू हो गए हैं। अब टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद यात्री वहां अपने वीजा की अवधि नहीं बढ़ा सकेंगे। इसके अलावा भारतीय यात्रियों के लिए रिटर्न टिकट रखना भी जरूरी होगा। नए नियमों का असर उन लोगों पर पड़ेगा, जो घूमने के उद्देश्य से ऑस्ट्रेलिया जाते हैं और वहां ज्यादा समय रुकने की योजना बनाते हैं।ऑस्ट्रेलिया फिलहाल अधिकतम 12 महीने की अवधि का टूरिस्ट वीजा जारी करता है। हालांकि, किसी यात्री को वास्तव में कितने दिन रुकने की अनुमति मिलेगी, इसका फैसला वीजा जारी करने वाला अधिकारी करता है। इसलिए सभी यात्रियों को 12 महीने रुकने की अनुमति मिलना जरूरी नहीं है।
भारतीय यात्रियों पर भी पड़ेगा असर
ऑस्ट्रेलिया के नए नियमों का असर भारतीय पर्यटकों पर भी पड़ेगा। ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में 4.51 लाख भारतीय ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। जबकि 2024 में यह संख्या करीब 3 लाख थी। इस तरह एक साल में ऑस्ट्रेलिया जाने वाले भारतीय यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।नए नियमों के तहत यात्रियों को यात्रा से पहले ही अपने लौटने की योजना सुनिश्चित करनी होगी। रिटर्न टिकट की अनिवार्यता के कारण अब बिना वापसी टिकट के यात्रा करने वाले पर्यटकों को परेशानी हो सकती है।
पहले दूसरे वीजा के लिए कर सकते थे आवेदन
पहले ऑस्ट्रेलिया में टूरिस्ट वीजा पर पहुंचे लोग कुछ शर्तों के साथ वहां ज्यादा समय रुकने के लिए दूसरे वीजा का आवेदन कर सकते थे। यदि उनके मौजूदा वीजा पर दूसरी श्रेणी के वीजा के लिए आवेदन करने की रोक नहीं थी, तो वे पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते थे।इसके अलावा पहले वापसी का टिकट अनिवार्य नहीं था। हालांकि, यात्रियों को यह साबित करना पड़ता था कि उनके पास ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटने के लिए पर्याप्त पैसे हैं।
रुकने और पढ़ाई के पुराने नियम
ऑस्ट्रेलिया में टूरिस्ट वीजा पर आमतौर पर तीन महीने तक रुकने की अनुमति मिलती थी। कुछ विशेष मामलों में यात्रियों को छह या 12 महीने तक रहने की मंजूरी भी दी जाती थी। नए नियमों से पहले यात्री वहां रहने की अवधि और वीजा की शर्तों के आधार पर दूसरे विकल्प तलाश सकते थे।टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया में तीन महीने तक पढ़ाई करने की अनुमति थी, लेकिन नौकरी करने की इजाजत नहीं थी। यानी पर्यटक सीमित अवधि के लिए कोई कोर्स या पढ़ाई कर सकते थे, लेकिन रोजगार नहीं कर सकते थे।
वीजा फीस और बायोमेट्रिक जांच भी जान लें
ऑस्ट्रेलिया के टूरिस्ट वीजा की फीस करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, स्टूडेंट वीजा के लिए लगभग 1.50 लाख रुपये खर्च करने पड़ते हैं। इसके अलावा 26 अक्टूबर से भारत में ऑस्ट्रेलियाई वीजा आवेदन प्रक्रिया के तहत बायोमेट्रिक जांच का दायरा भी बढ़ाया गया है।ऐसे में ऑस्ट्रेलिया घूमने जाने वाले भारतीय यात्रियों को आवेदन करने से पहले नए नियमों की जानकारी लेनी चाहिए। खास तौर पर वीजा की अवधि, रिटर्न टिकट और वहां रुकने की शर्तों को समझना जरूरी है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

