Samachar Nama
×

ऑस्ट्रेलिया ने बदले टूरिस्ट वीजा के नियम, भारतीय यात्रियों के लिए रिटर्न टिकट जरूरी

ऑस्ट्रेलिया ने बदले टूरिस्ट वीजा के नियम, भारतीय यात्रियों के लिए रिटर्न टिकट जरूरी

ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहे भारतीय यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। ऑस्ट्रेलिया ने टूरिस्ट वीजा से जुड़े नियमों में बदलाव किया है, जो शनिवार से लागू हो गए हैं। नए नियमों के तहत विजिटर वीजा पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद उसकी अवधि बढ़ाना पहले की तुलना में काफी मुश्किल होगा। इसके अलावा भारतीय यात्रियों को ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए रिटर्न टिकट रखना जरूरी होगा।

ऑस्ट्रेलिया फिलहाल अधिकतम 12 महीने तक की अवधि वाला टूरिस्ट वीजा जारी करता है। हालांकि, यात्री को वास्तव में कितने समय तक ऑस्ट्रेलिया में रहने की अनुमति मिलेगी, यह वीजा जारी करने वाला अधिकारी तय करता है।

भारतीय यात्रियों पर क्यों पड़ेगा असर?

ऑस्ट्रेलिया भारतीयों के बीच तेजी से लोकप्रिय पर्यटन और शिक्षा गंतव्य बन रहा है। ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में करीब 4.51 लाख भारतीय ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। 2024 में यह संख्या लगभग 3 लाख थी। ऐसे में नए वीजा नियमों का बड़ी संख्या में भारतीय यात्रियों पर असर पड़ सकता है।

नए नियमों के तहत टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद वहां रुकने की अवधि बढ़ाने के विकल्प सीमित हो जाएंगे। हालांकि, गंभीर या विशेष परिस्थितियों में कुछ छूट मिल सकती है, लेकिन इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

विजिटर वीजा की फीस करीब 15 हजार रुपये

ऑस्ट्रेलिया के टूरिस्ट वीजा की फीस करीब 15 हजार रुपये से शुरू होती है। वहीं, स्टूडेंट वीजा के लिए लगभग 1.50 लाख रुपये तक शुल्क देना पड़ सकता है। इसके अलावा 26 अक्टूबर से भारत में ऑस्ट्रेलियाई वीजा आवेदन प्रक्रिया के दौरान बायोमेट्रिक जांच का दायरा भी बढ़ाया गया है।

पहले क्या थे नियम?

पहले टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया जाने वाले यात्रियों को कुछ परिस्थितियों में ज्यादा समय तक रहने के लिए दूसरे वीजा का आवेदन करने का विकल्प मिल सकता था। यदि उनके वीजा पर कोई रोक नहीं होती थी तो वे दूसरे वीजा के लिए आवेदन कर सकते थे।

रिटर्न टिकट हर स्थिति में अनिवार्य नहीं था, लेकिन यात्रियों को यह साबित करना पड़ सकता था कि उनके पास ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटने के लिए पर्याप्त पैसे हैं। आम तौर पर टूरिस्ट वीजा पर तीन महीने तक रहने की अनुमति मिलती थी, जबकि कुछ मामलों में छह या 12 महीने तक रुकने की अनुमति भी दी जा सकती थी।

टूरिस्ट वीजा पर तीन महीने तक पढ़ाई की अनुमति थी, लेकिन इस वीजा के आधार पर नौकरी करने की इजाजत नहीं थी।

नए नियम किन वीजा पर लागू होंगे?

नए बदलाव विजिटर वीजा यानी सबक्लास 600 की सभी प्रमुख कैटेगरी पर लागू होंगे। इसमें टूरिस्ट, बिजनेस और ई-विजिटर से जुड़ी श्रेणियां शामिल हैं।

भारतीय नागरिक ऑस्ट्रेलियाई वीजा पाने वाले देशों में छठे स्थान पर हैं। चीन के नागरिक इस सूची में पहले स्थान पर बताए जाते हैं।

भारतीय औसतन 70 दिन रुकते हैं

ऑस्ट्रेलिया में भारतीय यात्रियों के ठहरने की अवधि भी काफी अधिक है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक भारतीय नागरिक औसतन करीब 70 दिन ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। इस मामले में भारतीय दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अमेरिकी नागरिकों का औसत ठहराव इससे अधिक बताया जाता है।

स्टूडेंट वीजा के बिना पढ़ाई करना होगा मुश्किल

नए नियमों का असर उन लोगों पर भी पड़ सकता है जो टूरिस्ट या विजिटर वीजा पर ऑस्ट्रेलिया जाकर लंबे समय तक पढ़ाई करने की योजना बनाते हैं। पहले कुछ भारतीय विजिटर वीजा पर रहकर सीमित अवधि की पढ़ाई कर लेते थे। अब टूरिस्ट वीजा का इस्तेमाल लंबे समय तक पढ़ाई के विकल्प के तौर पर करना आसान नहीं होगा।

अगर किसी यात्री को वीजा की अवधि बढ़ाने की जरूरत पड़ती है तो विशेष परिस्थितियों में इमिग्रेशन से जुड़ी अपील प्रक्रिया का सहारा लिया जा सकता है। हालांकि, यह सामान्य वीजा एक्सटेंशन की तरह आसान प्रक्रिया नहीं होगी।

इस बदलाव के बाद ऑस्ट्रेलिया जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए यात्रा से पहले वीजा की शर्तों, रहने की अनुमत अवधि और वापसी की व्यवस्था को अच्छी तरह समझना जरूरी हो गया है।

Share this story

Tags