ईरान की धमकियों से डरे ट्रम्प के मंत्री? निजी घर छोड़ सैन्य ठिकानों पर रहने पहुंचे 5 बड़े अधिकारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन के करीब पांच मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ईरान से मिल रही जान से मारने की धमकियों और अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा के बीच इन अधिकारियों ने अपने निजी घर छोड़कर सैन्य ठिकानों पर रहना शुरू कर दिया है।इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट जैसे बड़े नाम शामिल हैं। ये अधिकारी 100 साल से ज्यादा पुराने सैन्य आवासों में रह रहे हैं, जहां चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था रहती है।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉशिंगटन डीसी में सैन्य परिसरों में रहने वाले राजनीतिक अधिकारियों की संख्या पहले के मुकाबले बढ़ी है। इन आवासों में आमतौर पर सेना के वरिष्ठ अधिकारी और जनरल रहते थे। यहां प्रवेश के लिए सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है और आम लोगों की पहुंच सीमित रहती है।
1. स्कॉट बेसेंट ने ईरान की धमकियों के बाद छोड़ा घर
अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने हाल ही में जॉर्जटाउन स्थित अपना निजी घर छोड़कर सैन्य ठिकाने पर रहना शुरू किया है। उन्होंने CNBC के एक कार्यक्रम में बताया कि उन्हें ईरान की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इसी वजह से उन्हें अपना आवास बदलना पड़ा।
बेसेंट ईरान पर आर्थिक दबाव बनाने और उसके खिलाफ कड़े प्रतिबंध लगाने की मुहिम में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनका कहना है कि ईरान के नेता उन्हें और ट्रम्प प्रशासन के दूसरे अधिकारियों को धमका रहे हैं, लेकिन वे इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने भी सुरक्षा कारणों से अपना निजी घर छोड़कर सैन्य परिसर में रहना शुरू किया है। उनसे पहले इस पद पर रहीं पाम बॉन्डी भी पिछले साल सैन्य ठिकाने पर रह रही थीं।
2. स्टीफन मिलर के घर के बाहर हुआ था प्रदर्शन
व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर और उनकी पत्नी केटी पिछले साल अपने चार बच्चों के साथ वर्जीनिया स्थित घर छोड़कर फोर्ट मैकनेयर सैन्य ठिकाने पर रहने चले गए थे।रिपोर्ट के मुताबिक, उनके घर के बाहर एक महिला ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान उनके घर का पता लिखे पर्चे भी बांटे गए थे।व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार, मिलर के परिवार को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। उनका पीछा किए जाने, निजी जानकारी सार्वजनिक करने और धमकियां मिलने जैसी घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद परिवार ने सैन्य परिसर में रहने का फैसला किया।
3. रुबियो, हेगसेथ और मिलर के परिवार हैं पड़ोसी
विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और स्टीफन मिलर का परिवार फोर्ट मैकनेयर में एक-दूसरे के पड़ोस में रहता है। यहां सैन्य अधिकारियों के लिए बने घरों की एक कतार को 'जनरल्स रो' कहा जाता है। यह सैन्य ठिकाना पोटोमैक और एनाकोस्टिया नदियों के संगम के पास स्थित है।
रुबियो और उनकी पत्नी ने एक पॉडकास्ट में अपने पड़ोस से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया कि एक बार उनका गोल्डनडूडल कुत्ता गलती से हेगसेथ के घर में चला गया था। वहीं, हेगसेथ की बिल्ली भी कई बार रुबियो के घर के बरामदे में दिखाई देती है।अमेरिकन यूनिवर्सिटी के थॉमस कान के मुताबिक, यह सैन्य परिसर अपने आप में एक अलग दुनिया जैसा है। यहां दुकानें और टेनिस कोर्ट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन चारों तरफ दीवारें और कड़ी सुरक्षा होने के कारण इसका शहर के बाकी हिस्सों से संपर्क सीमित रहता है।
सैन्य आवास का किराया 4,500 डॉलर से ज्यादा
सैन्य परिसरों में रहने वाले इन अधिकारियों को आवास के लिए किराया देना पड़ता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन घरों का मासिक किराया आमतौर पर 4,500 डॉलर यानी करीब 4 लाख रुपये से अधिक होता है। किराया घर के आकार और उसमें उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर तय किया जाता है।
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के आवास की मरम्मत और सुविधाओं पर अमेरिकी सेना के 1,37,297 डॉलर यानी करीब 1.2 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी की खबर सामने आने के बाद पिछले साल विवाद भी हुआ था।नागरिक अधिकारियों को सैन्य आवास में रहने की सुविधा देने की व्यवस्था रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स के कार्यकाल में शुरू हुई थी। गेट्स ने जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा, दोनों राष्ट्रपतियों के कार्यकाल में रक्षा मंत्री के रूप में काम किया था।2008 में नियमों में बदलाव किया गया था। इसके बाद रक्षा मंत्री को सैन्य आवास में रहने के लिए चार सितारा जनरल या एडमिरल के किराए से केवल 5 प्रतिशत अधिक भुगतान करने की व्यवस्था दी गई।
कांग्रेस ने सैन्य आवास में रहने की जांच के आदेश दिए
ट्रम्प प्रशासन के अधिकारियों के सैन्य आवास में रहने को लेकर कुछ डेमोक्रेट सांसदों ने सवाल उठाए हैं। हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी ने पेंटागन से इस मामले पर रिपोर्ट तैयार करने को कहा है।रिपोर्ट में यह जानकारी मांगी गई है कि कितने राजनीतिक नियुक्ति वाले अधिकारी सैन्य आवासों में रह रहे हैं, उन्हें किस तरह के सुरक्षा खतरे हैं, उन्हें वहां रहने की कानूनी अनुमति कैसे मिली और वे इसके लिए कितना किराया चुका रहे हैं।कैलिफोर्निया के सांसद जॉर्ज व्हाइटसाइड्स का कहना है कि इस मामले की जांच जरूरी है। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि राजनीतिक नियुक्ति वाले अधिकारी सैन्य कर्मचारियों के लिए बने आवासों का उचित किराया दे रहे हैं।
अमेरिकन यूनिवर्सिटी के थॉमस कान का मानना है कि सरकारी अधिकारियों को लगातार मिल रही धमकियों के कारण आने वाले समय में भी सैन्य परिसरों में रहने का चलन बढ़ सकता है। हालांकि, इससे सरकारी अधिकारियों और आम नागरिकों के बीच दूरी और बढ़ने की आशंका भी है।

