अमेरिकी सैनिक ने चीन को बेचीं सैन्य खुफिया जानकारियां, CCTV में कैद हुई जासूसी; 15 हजार डॉलर मिले
अमेरिका में एक सैनिक ने पैसों के लालच में अपने ही देश की गोपनीय सैन्य जानकारी चीन से जुड़े लोगों तक पहुंचा दी। आरोपी सेना के संवेदनशील दस्तावेजों की तस्वीरें अपने मोबाइल फोन से खींचता और उन्हें आगे भेज देता था। इन दस्तावेजों में अमेरिकी सेना के ऑपरेशन, कम्युनिकेशन नेटवर्क, सैन्य अभ्यास और रॉकेट-मिसाइल सिस्टम से जुड़ी अहम जानकारियां शामिल थीं। अमेरिकी सेना के CCTV कैमरों में उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। जांच में सबूत सामने आने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।आरोपी की पहचान 37 वर्षीय जियान झाओ के रूप में हुई है। वह वॉशिंगटन स्थित जॉइंट बेस लुईस-मैककॉर्ड में तैनात था। झाओ ने साल 2017 में अमेरिकी सेना जॉइन की थी। वह बैटरी सप्लाई सार्जेंट के पद पर काम कर रहा था। इस जिम्मेदारी के कारण उसे सेना के कई संवेदनशील दस्तावेजों और उपकरणों तक पहुंच हासिल थी।
मोबाइल से खींचता था गोपनीय दस्तावेजों की तस्वीरें
जांच एजेंसियों के मुताबिक, झाओ ने अपनी आधिकारिक पहुंच का गलत इस्तेमाल किया। वह अपने निजी मोबाइल फोन से सेना के गोपनीय दस्तावेजों और सैन्य प्रेजेंटेशन की तस्वीरें खींचता था। इसके बाद इन तस्वीरों को चीन से जुड़े लोगों तक पहुंचाता था।उसके पास सुरक्षा मंजूरी भी थी, जिसके चलते वह कई ऐसी जानकारियां देख सकता था, जिन्हें आम लोगों के साथ साझा नहीं किया जा सकता। जांच में सामने आया कि उसने अमेरिकी सेना के ऑपरेशन, संचार व्यवस्था, सैन्य अभ्यास और हथियार प्रणालियों से जुड़ी जानकारी आगे भेजी थी।
HIMARS रॉकेट सिस्टम की जानकारी भी बेची
झाओ ने हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम यानी HIMARS से जुड़ी तकनीकी किताबों के कुछ हिस्से भी चीन से जुड़े खरीदारों को दिए थे। HIMARS अमेरिकी सेना का एक मोबाइल रॉकेट सिस्टम है, जिससे एक साथ कई रॉकेट दागे जा सकते हैं।यूक्रेन युद्ध के दौरान भी इस सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है। युद्ध में इसकी भूमिका के कारण यह हथियार काफी चर्चा में रहा है। ऐसे में इससे जुड़ी तकनीकी जानकारी का दूसरे देशों तक पहुंचना अमेरिकी सैन्य सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है।
कंप्यूटर और सरकारी हार्ड ड्राइव बेचने की भी पेशकश
जांच में यह भी पता चला कि झाओ ने सेना के कंप्यूटर और सरकारी हार्ड ड्राइव बेचने की पेशकश की थी। कुछ सैन्य सामान को उसने खुद संवेदनशील, सीक्रेट या टॉप सीक्रेट बताया था। इससे जांच एजेंसियों को संदेह हुआ कि वह केवल दस्तावेजों की तस्वीरें ही नहीं, बल्कि सैन्य उपकरणों और डेटा तक पहुंच उपलब्ध कराने की कोशिश भी कर रहा था।
जासूसी के बदले मिले 15 हजार डॉलर
अमेरिकी जांच के मुताबिक, झाओ ने गोपनीय सैन्य जानकारी साझा करने के बदले करीब 15 हजार डॉलर हासिल किए थे। इस पूरे मामले में सेना के CCTV फुटेज अहम सबूत बने। कैमरों में उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड हुई थीं, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ी।जांच एजेंसियों ने सबूत जुटाने के बाद आरोपी से पूछताछ की। इसके बाद झाओ ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। यह मामला अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और संवेदनशील सूचनाओं तक कर्मचारियों की पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

