अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से भिड़े साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफोसा, बोले- हमारे पास गिफ्ट देने को लग्जरी प्लेन नहीं

व्हाइट हाउस में इतिहास ने एक बार फिर खुद को दोहराया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के बीच व्हाइट हाउस में झड़प हो गई। दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच वैसी ही गरमागरम बहस हुई जैसी कुछ महीने पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की और ट्रम्प के बीच देखी गई थी। दक्षिण अफ़्रीकी राष्ट्रपति रामफोसा 19 मई को वाशिंगटन पहुंचे। उनकी यात्रा का उद्देश्य अफ़्रीका और अमेरिका के बीच संबंधों में नई जान फूंकना है। लेकिन व्हाइट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान ट्रंप ने अचानक नस्लवाद के मुद्दे पर रामफोसा को घेरना शुरू कर दिया।
ट्रंप ने सिरिल रामफोसा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में दक्षिण अफ्रीका में श्वेत किसानों का नरसंहार हो रहा है और आप मूकदर्शक बने हुए हैं। रामफोसा ने आरोपों को खारिज करना शुरू कर दिया। ट्रम्प ने बड़े स्क्रीन पर एक वीडियो दिखाया। इस वीडियो में दावा किया गया था कि दक्षिण अफ्रीका में हजारों श्वेत किसानों की हत्या कर दी गई थी। इस दौरान ट्रंप ने सिरिल रामफोसा को मीडिया में छपे कुछ लेखों की प्रति भी दिखाई, जिनमें अफ्रीका में श्वेत किसानों के नरसंहार का दावा किया गया है। रामफोसा को यह प्रति दिखाते हुए ट्रम्प ने जोर देकर कहा, मौत, मौत... इससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
रामफोसा ने ट्रंप को नेल्सन मंडेला की याद दिलाई
ट्रंप के इन आरोपों को खारिज करते हुए सिरिल रामफोसा ने कहा कि अफ्रीका में हिंसा बढ़ गई है और सभी नस्लें और वर्ग इससे जूझ रहे हैं। इन हिंसाओं में मारे जाने वाले लोग न केवल श्वेत हैं बल्कि अश्वेत भी मारे जा रहे हैं। श्वेतों की तुलना में अश्वेतों की हत्या अधिक हुई है। रामफोसा ने कहा कि मैंने यह वीडियो पहले कभी नहीं देखा। हम वीडियो कहां से आया है, इसकी प्रामाणिकता की जांच करेंगे। हमारे देश में अपराध बहुत है और हर कोई इससे प्रभावित है, चाहे वह गोरा हो या काला। मेरी अमेरिकी यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार लाना था, जो 1994 में रंगभेद युग के बाद से अपने निम्नतम स्तर पर हैं।
इस दौरान रामफोसा ने ट्रंप को कतर सरकार से उपहार में मिले शाही विमान पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद को खत्म करने का प्रयास कर रही है। हालाँकि, मुझे खेद है कि मेरे पास आपको देने के लिए विमान नहीं है, जिस पर ट्रम्प ने कहा कि काश मेरे पास होता। बता दें कि ट्रंप की कतर यात्रा के दौरान कतर सरकार की ओर से अमेरिका को 3400 करोड़ रुपए का लग्जरी विमान उपहार में दिया गया था।
बता दें कि फरवरी महीने में ट्रंप ने दक्षिण अफ्रीका को दी जाने वाली सहायता को निलंबित करने की घोषणा की थी, जिसकी वजह उन्होंने वहां श्वेत लोगों के खिलाफ कथित उत्पीड़न और भूमि अधिग्रहण नीतियों को बताया था। रामफोसा ने जवाब में ट्रम्प से दक्षिण अफ्रीका के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने को कहा।
आपको बता दें कि इस साल 20 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद यह दूसरा मौका है, जब उनकी व्हाइट हाउस में किसी देश के राष्ट्रपति के साथ बहस हुई। इससे पहले 28 फरवरी को ट्रम्प ने यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ व्हाइट हाउस में यूक्रेन युद्ध पर गरमागरम बहस की थी।