हवा में फटा विमान का टायर, इंजन को भी नुकसान; फुटेज में देंखे ईरान के मशहद एयरपोर्ट पर कराई इमरजेंसी लैंडिंग
ईरान के मशहद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक यात्री विमान को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान का एक टायर हवा में ही फट गया, जिसके बाद विमान के इंजन को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट ले जाने का फैसला किया। विमान में सवार यात्रियों के बीच इस घटना के बाद अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान सेफरान एयरलाइंस का बोइंग 737 था। विमान मशहद से केरमानशाह के लिए उड़ान भर रहा था। टेकऑफ के कुछ देर बाद ही विमान के एक टायर में खराबी आ गई और वह हवा में फट गया। इसके बाद विमान के इंजन को भी नुकसान पहुंचा, जिसके चलते पायलट ने जोखिम लेने के बजाय विमान को वापस मशहद ले जाने का फैसला किया।
हवा में टायर फटने से मची अफरा-तफरी
उड़ान के दौरान विमान में अचानक आई तकनीकी समस्या से यात्रियों में घबराहट फैल गई। यात्रियों को जब विमान में खराबी की जानकारी हुई तो कई लोग काफी डर गए। पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान को सुरक्षित तरीके से मशहद एयरपोर्ट पर वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की।विमान की लैंडिंग के दौरान भी एक घटना सामने आई। ईरानी न्यूज एजेंसी आखरीन खबर की ओर से जारी किए गए वीडियो में विमान के अंदर का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान विमान की छत की अंदरूनी परत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और यात्रियों के ऊपर आ गया।हालांकि, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान के सुरक्षित रूप से रनवे पर उतरने के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया।
सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
सेफरान एयरलाइंस के प्रवक्ता हसन जाफरी ने सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स से बातचीत में बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। उन्होंने बताया कि यात्रियों को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है।विमान के मशहद एयरपोर्ट पर लौटने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। इसके बाद एयरलाइन की ओर से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट के जरिए केरमानशाह भेजने का इंतजाम किया गया।
हादसे का वीडियो आया सामने
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद विमान में हुई तकनीकी खराबी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में लैंडिंग के दौरान विमान के केबिन की छत से एक हिस्सा टूटकर यात्रियों की तरफ गिरता नजर आ रहा है। अचानक हुई इस घटना के बावजूद यात्रियों के सुरक्षित रहने की बात सामने आई है।फिलहाल विमान में टायर फटने और इंजन को नुकसान पहुंचने की वजह की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच किए जाने की संभावना है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उड़ान के दौरान टायर में किस कारण से खराबी आई और इंजन तक इसका असर कैसे पहुंचा।घटना के बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से केरमानशाह रवाना कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।

