अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम फेल, 4 घंटे से ज्यादा रुकीं उड़ानें; वीडियो में जाने 8 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द, 15 लाख यात्री परेशान
अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संचार तंत्र में तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। सुरक्षा कारणों से फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने देशभर के एयरपोर्ट पर विमानों की उड़ानें रोकने का आदेश जारी कर दिया। इस वजह से 4 घंटे से ज्यादा समय तक उड़ानों का संचालन बाधित रहा। इस दौरान 8 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि करीब 15 लाख यात्री प्रभावित हुए। अचानक उड़ानें रुकने से एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई और कई लोगों को अपनी यात्रा टालनी पड़ी।
शुक्रवार रात को उड़ानों पर लगाई गई रोक हटा ली गई, लेकिन इसका असर शनिवार को भी देखने को मिला। बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने और विमानों के संचालन का समय बिगड़ने से हवाई यातायात सामान्य होने में परेशानी आई। कई यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। वहीं, एयरलाइंस को भी उड़ानों का नया कार्यक्रम तैयार करना पड़ा।
11 सितंबर के हमले के बाद दूसरी बार रुकीं सभी उड़ानें
अमेरिका में इस तरह देशभर की उड़ानें रोकने की घटना बेहद दुर्लभ मानी जाती है। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह दूसरी बार है, जब देश में सभी उड़ानों को रोकने का फैसला लिया गया। इससे पहले जनवरी 2023 में भी ऐसी स्थिति बनी थी। उस समय एफएए के मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण विमानों के संचालन पर रोक लगानी पड़ी थी।ताजा घटना में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संचार तंत्र में आई खराबी को इसकी वजह बताया गया है। विमानन व्यवस्था में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसी के जरिए विनों को उड़ान भरने, उतरने और हवा में सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए जाते हैं। ऐसे में संचार व्यवस्था में गड़बड़ी होने पर विमान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उड़ानें रोकना जरूरी हो जाता है।
ट्रम्प ने मांगी 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त फंडिंग
इस घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने देश के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त फंडिंग की मांग की है। उन्होंने रिपब्लिकन सीनेटर एरिक श्मिट से फोन पर बातचीत कर कांग्रेस से संबंधित वित्तीय सहायता का विधेयक जल्द पारित कराने को कहा।प्रस्तावित फंडिंग का इस्तेमाल अमेरिका के पुराने विमानन ढांचे को आधुनिक बनाने में किया जाएगा। इसमें एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम, एयरपोर्ट टावर, टर्मिनल और विमानन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करना शामिल है।
पुराने सिस्टम को आधुनिक बनाने की तैयारी
अमेरिका की विमानन व्यवस्था दुनिया की सबसे व्यस्त हवाई यातायात व्यवस्थाओं में शामिल है। ऐसे में तकनीकी खराबी का असर हजारों उड़ानों और लाखों यात्रियों पर पड़ सकता है। शुक्रवार की घटना ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संचार तंत्र की विश्वसनीयता और पुराने तकनीकी ढांचे को आधुनिक बनाने की जरूरत पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रम्प प्रशासन अब अतिरिक्त फंडिंग के जरिए इस व्यवस्था को मजबूत बनाने की तैयारी में है।

