Samachar Nama
×

Air India Flight: यात्री के हंगामे से बैंकॉक लौटी मुंबई जा रही फ्लाइट, मेडिकल टीम ने संभाला मामला

Air India Flight: यात्री के हंगामे से बैंकॉक लौटी मुंबई जा रही फ्लाइट, मेडिकल टीम ने संभाला मामला

बैंकॉक से मुंबई आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2338 को एक यात्री के कथित हंगामे के कारण वापस बैंकॉक लौटना पड़ा। विमान ने बुधवार रात 8:20 बजे बैंकॉक के सुवर्णभूमि एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, लेकिन यात्री के असामान्य व्यवहार को देखते हुए पायलट ने विमान को वापस ले जाने का फैसला किया। फ्लाइट रात 10:40 बजे बैंकॉक एयरपोर्ट पर उतर गई।

विमान में यात्री के व्यवहार से बिगड़े हालात

विमान में मौजूद एक यात्री के मुताबिक, एक भारतीय यात्री अजीब तरीके से पेश आ रहा था और हंगामा कर रहा था। स्थिति को देखते हुए पायलट ने यात्रियों को बताया कि विमान को वापस बैंकॉक ले जाया जा रहा है।

फ्लाइट के एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और संबंधित यात्री को अपने साथ ले गई। हालांकि, यात्री के इस व्यवहार के पीछे क्या वजह थी और उसकी स्वास्थ्य स्थिति कैसी थी, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

45 मिनट बाद मुंबई के लिए दोबारा रवाना हुई फ्लाइट

बैंकॉक में उतरने के करीब 45 मिनट बाद विमान ने मुंबई के लिए फिर से उड़ान भरी। इस घटना के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

फिलहाल एअर इंडिया की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यात्री के व्यवहार की वजह और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।

Share this story

Tags