Samachar Nama
×

घरेलू विवाद बना नरसंहार! अमेरिका में भारतीय मूल पति ने पत्नी और 3 रिश्तेदारों की ली जान

घरेलू विवाद बना नरसंहार! अमेरिका में भारतीय मूल पति ने पत्नी और 3 रिश्तेदारों की ली जान

अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक चौंकाने वाली घटना हुई है, जहाँ भारतीय मूल के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन रिश्तेदारों को गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना घरेलू झगड़े की वजह से हुई। आरोपी की पहचान 51 साल के विजय कुमार के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 2:30 बजे हुई, जब पुलिस को ब्रूक आइवी कोर्ट इलाके में गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुँचने पर पुलिस को घर के अंदर चार लोगों के शव मिले, सभी को गोली लगी थी। मृतकों की पहचान विजय कुमार की पत्नी, मीमू डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37), और हरीश चंदर (38) के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय घर में मौजूद तीन बच्चे एक अलमारी में छिपकर बच गए। इनमें विजय कुमार और मीमू डोगरा का 12 साल का बच्चा भी था, जिसने बहादुरी से 911 पर कॉल करके घटना की सूचना दी। इस कॉल की वजह से पुलिस कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुँच गई। बच्चे सुरक्षित थे और बाद में उन्हें परिवार के एक सदस्य को सौंप दिया गया।

पत्नी से झगड़े के बाद हुई गोलीबारी!

पुलिस के अनुसार, विजय कुमार और उनकी पत्नी का अटलांटा स्थित घर में झगड़ा हुआ था। इसके बाद वे ब्रूक आइवी कोर्ट स्थित घर गए, जहाँ उनके बच्चे के साथ अन्य रिश्तेदार भी रह रहे थे। वहीं पर विवाद बढ़ गया और हिंसा में बदल गया, जिससे गोलीबारी हुई।

आरोपी विजय कुमार गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन उसकी गाड़ी ड्राइववे में खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने K-9 यूनिट की मदद से आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया और विजय कुमार को पास के जंगल वाले इलाके से गिरफ्तार कर लिया। अटलांटा में भारतीय दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर कहा कि वह इस पारिवारिक त्रासदी से बहुत दुखी है और प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता दे रहा है। मामले की जाँच जारी है।

Share this story

Tags