17 साल के भारतीय AI किड की पुतिन के साथ सेल्फी वायरल, वीडियो में देंखे पिता को देता है 2 लाख रुपए सैलरी
भारत के 'AI किड' के नाम से मशहूर केरल के 17 वर्षीय राउल जॉन अजू इन दिनों चर्चा में हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी सेल्फी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। राउल ने रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय AI सम्मेलन 'AI जर्नी 2026' में हिस्सा लिया था। इसी कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात राष्ट्रपति पुतिन से हुई। दोनों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल और बच्चों की पढ़ाई में इसकी भूमिका को लेकर बातचीत भी हुई।
खास बात यह है कि महज 17 साल की उम्र में राउल अपना स्टार्टअप शुरू कर चुके हैं। उनकी कंपनी में कुल 15 लोग काम करते हैं। इनमें उनके पिता भी शामिल हैं। राउल अपने पिता को कंपनी में काम करने के बदले हर महीने 2 लाख रुपए सैलरी देते हैं। कम उम्र में कारोबार शुरू करने और AI के क्षेत्र में काम करने के कारण उन्हें भारत का 'AI किड' कहा जाता है।
15 AI टूल बना चुकी है कंपनी
राउल ने 'AI रियल्म टेक्नोलॉजीज' नाम से अपना स्टार्टअप शुरू किया है। वह इस कंपनी के संस्थापक और मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) हैं। उनकी कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े अलग-अलग टूल विकसित करती है। इसके साथ ही लोगों को AI तकनीक का इस्तेमाल करना भी सिखाती है।कंपनी अब तक करीब 15 AI टूल विकसित कर चुकी है। इसके अलावा लगभग 5 लाख लोगों को AI से जुड़ी ट्रेनिंग दी जा चुकी है। इनमें IIT और IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र भी शामिल हैं। अलग-अलग कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी कंपनी की ओर से AI के इस्तेमाल की जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया है।
गेम खेलकर AI सीख सकेंगे बच्चे
राउल की कंपनी ने बच्चों के लिए एक खास ऐप भी तैयार किया है। इसके जरिए बच्चे गेम खेलते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में सीख सकते हैं। इस ऐप को तैयार करने का उद्देश्य बच्चों के लिए तकनीकी शिक्षा को आसान और मजेदार बनाना है।आमतौर पर AI जैसी तकनीक को समझना बच्चों के लिए थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन गेम आधारित लर्निंग के जरिए उन्हें इसकी बुनियादी जानकारी आसानी से दी जा सकती है। कंपनी का मानना है कि आने वाले समय में AI शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने वाला है। ऐसे में बच्चों को कम उम्र से ही इस तकनीक से परिचित कराना जरूरी है।
स्कूल-कॉलेज से लेकर सरकारी संस्थानों तक पहुंच
कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, AI रियल्म टेक्नोलॉजीज देशभर के स्कूलों, कॉलेजों, कंपनियों और सरकारी संस्थानों के साथ काम करती है। इसका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में AI तकनीक की पहुंच बढ़ाना और लोगों को इसके व्यावहारिक इस्तेमाल के लिए तैयार करना है।राउल की रूस यात्रा और राष्ट्रपति पुतिन के साथ उनकी मुलाकात ने उनके स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में ला दिया है। AI जर्नी 2026 सम्मेलन में उनकी भागीदारी इस बात को दर्शाती है कि कम उम्र के भारतीय युवा भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे तेजी से विकसित हो रहे तकनीकी क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं।17 साल की उम्र में कंपनी की स्थापना, 15 AI टूल का विकास और लाखों लोगों तक ट्रेनिंग पहुंचाने का दावा राउल की उद्यमशीलता को चर्चा में ला रहा है।

