अफगानिस्तान के कुनार में भीषण हमले, 7 की मौत, 75 से अधिक घायल, फुटेज में देंखे पाकिस्तान पर आरोप, इस्लामाबाद ने किया इनकार
अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुनार में सोमवार को हुए भीषण हमलों ने हालात को एक बार फिर तनावपूर्ण बना दिया है। इन हमलों में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 75 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में यूनिवर्सिटी के छात्र, बच्चे और आम नागरिक शामिल हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर दहशत का माहौल बन गया है।
असदाबाद स्थित राजधानी क्षेत्र में हुए इन हमलों को लेकर स्थानीय अधिकारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। BBC की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों का कहना है कि हमलों में रिहायशी इलाकों के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों को भी निशाना बनाया गया। इनमें प्रमुख रूप से सैयद जमालुद्दीन अफगानी यूनिवर्सिटी शामिल है, जहां कई छात्र घायल हुए हैं।
तालिबान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने दावा किया है कि ये हमले पाकिस्तान की ओर से किए गए। उनके अनुसार, सोमवार दोपहर लगभग 2 बजे शुरू हुए हमलों में मोर्टार और रॉकेट दागे गए, जिनका सीधा असर नागरिक इलाकों और शैक्षणिक संस्थानों पर पड़ा। तालिबान प्रशासन का कहना है कि यह हमला जानबूझकर नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया।
वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। इस्लामाबाद का कहना है कि उसका इन घटनाओं से कोई संबंध नहीं है और लगाए गए आरोप निराधार हैं। पाकिस्तान ने इस तरह के दावों को क्षेत्रीय तनाव बढ़ाने की कोशिश बताया है।
स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। राहत और बचाव कार्य जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस हमले ने पहले से ही अस्थिर अफगानिस्तान की सुरक्षा स्थिति को और अधिक जटिल बना दिया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव बढ़ने के साथ-साथ नागरिकों में भय का माहौल भी गहराता जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस घटना पर चिंता जताई जा रही है, क्योंकि नागरिक इलाकों और शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाए जाने को मानवीय दृष्टि से गंभीर माना जा रहा है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

