वेनेजुएला में फिर कांपी धरती, 5.6 तीव्रता का भूकंप; मृतकों की संख्या 1,430 पहुंची, वीडियो में जाने हजारों अब भी लापता
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में रविवार को एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यूरो-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.6 दर्ज की गई। इसका केंद्र अरागुआ तट के पास समुद्र में लगभग 30 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
यह झटका ऐसे समय आया है जब देश पहले से ही हाल के विनाशकारी भूकंपों के असर से जूझ रहा है। इससे पहले 24 जून को 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे। इसके बाद शनिवार को भी 4.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
1,430 लोगों की मौत, 3,300 से अधिक घायल
लगातार आए भूकंपों के कारण वेनेजुएला में भारी तबाही हुई है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 1,430 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,300 से अधिक लोग घायल हुए हैं।राहत और बचाव एजेंसियों के मुताबिक, मुख्य भूकंप के 72 घंटे बाद भी करीब 68,900 लोग लापता हैं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।
बचाव के लिए शुरुआती 72 घंटे सबसे अहम
भूकंप विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी बड़े भूकंप के बाद पहले 48 से 72 घंटे राहत और बचाव कार्य के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इसी दौरान मलबे में फंसे लोगों के जीवित मिलने की संभावना सबसे अधिक रहती है। यही वजह है कि प्रभावित इलाकों में राहत दल दिन-रात खोज अभियान चला रहे हैं।लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें बढ़ रही हैं। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों में हजारों लोग बेघर हो चुके हैं और राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित लोगों तक भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने में जुटी हैं।

