Samachar Nama
×

कोलंबिया के सुपरमार्केट में 20 लोगों को बनाया बंधक, बदमाशों ने मांगे 18 करोड़ रुपए और 2 बख्तरबंद गाड़ियां

कोलंबिया के सुपरमार्केट में 20 लोगों को बनाया बंधक, बदमाशों ने मांगे 18 करोड़ रुपए और 2 बख्तरबंद गाड़ियां

कोलंबिया के कार्टाजेना शहर में मंगलवार को एक सुपरमार्केट में सनसनीखेज घटना सामने आई। हथियारों से लैस कुछ बदमाशों ने सुपरमार्केट में घुसकर करीब 20 लोगों को बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर शुरुआत में कैश लेकर जा रही एक बख्तरबंद गाड़ी को लूटने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने सुपरमार्केट के अंदर लोगों को बंधक बना लिया।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 8 बजे हुई। सुपरमार्केट में लगे सुरक्षा कैमरों की निगरानी कर रहे कर्मचारियों को संदिग्ध गतिविधि का पता चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पैनिक बटन दबाकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी देखकर हमलावर सुपरमार्केट के भीतर चले गए और वहां मौजूद लोगों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को घेर लिया।

घटना की 4 तस्वीरें...

1. सुपरमार्केट के अंदर हथियार लेकर खड़ा एक बदमाश बंधक बनाए गए लोगों पर नजर रखता दिखाई दिया।

2. सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में कई बंधक कुर्सियों पर बैठे नजर आए। उनके हाथ बंधे हुए थे और हथियारबंद बदमाश पहरा दे रहे थे।

3. पुलिसकर्मी सुपरमार्केट की छत पर पहुंचकर अंदर दाखिल होने का रास्ता तलाशते दिखाई दिए।

4. सुपरमार्केट के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया।

18 करोड़ रुपए, दो बख्तरबंद गाड़ियां और सुरक्षित रास्ते की मांग

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावरों ने बंधकों को छोड़ने के बदले 20 लाख डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 18 करोड़ रुपये की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने दो बख्तरबंद गाड़ियां और सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने की शर्त भी रखी।

बताया गया कि बदमाश कार्टाजेना से लगभग 130 किलोमीटर दूर स्थित बैरेंक्विला शहर पहुंचना चाहते थे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और तस्वीरों में चेहरे ढके हुए हथियारबंद बदमाश सुपरमार्केट के अंदर दिखाई दिए। कुछ तस्वीरों में बंधक बनाए गए लोग कुर्सियों पर बैठे थे, जबकि उनके पीछे बंदूक लेकर बदमाश पहरा दे रहे थे।

5 बुजुर्ग महिलाओं सहित 10 लोगों को छोड़ा

कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला ने शुरुआत में बताया था कि हमलावरों ने कुल 30 लोगों को बंधक बनाया है। इनमें से 5 बुजुर्ग महिलाओं समेत 10 लोगों को बाद में छोड़ दिया गया।

बाकी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस, सेना और विशेष सुरक्षा टीमों को ऑपरेशन में लगाया गया। सुरक्षा बलों ने सुपरमार्केट के साथ आसपास की इमारतों को भी अपने घेरे में ले लिया।

रॉयटर्स के मुताबिक, आसपास की ऊंची इमारतों की छतों पर भी हथियारबंद जवान तैनात किए गए, ताकि हमलावरों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

बंधकों को छुड़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। सुरक्षा कारणों से शहर के राफेल नुनेज एयरपोर्ट पर करीब 45 मिनट तक विमानों की लैंडिंग रोक दी गई।

सुपरमार्केट का संचालन करने वाली कंपनी ग्रुपो एक्सिटो ने बयान जारी कर कहा कि उसके लिए ग्राहकों और कर्मचारियों की जान की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। कंपनी ने बताया कि घटना को संबंधित सरकारी एजेंसियां संभाल रही हैं।

राष्ट्रपति खुद घटनास्थल पहुंचे, सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला कार्टाजेना पहुंचे। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति ने बंधकों को छुड़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की कमान संभालने की बात कही।

इस ऑपरेशन में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, नौसेना के जवान और स्पेशल फोर्स की टीमें शामिल की गईं। पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अभियान के दौरान किसी के घायल होने की खबर नहीं थी।

घटनास्थल पहुंचने से पहले राष्ट्रपति ने कहा कि कोलंबिया में आपराधिक गिरोहों की गतिविधियां और हिंसा चिंता का विषय बन रही हैं। ऐसे कई गिरोह देश में दशकों से जारी सशस्त्र संघर्ष से जुड़े रहे हैं।

हालांकि, राष्ट्रपति के शुरुआती आकलन के मुताबिक, कार्टाजेना की इस घटना के पीछे किसी बड़े आपराधिक संगठन का हाथ होने की आशंका कम है। प्रथम दृष्टया यह लूट की असफल कोशिश का मामला नजर आ रहा है।

कोलंबिया में लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाएं

सुपरमार्केट में बंधक बनाने की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कोलंबिया में पिछले कुछ दिनों के दौरान हिंसा की कई घटनाएं हो चुकी हैं।

हाल ही में हुए एक कार बम धमाके और ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि करीब 30 लोग घायल हुए थे। इन घटनाओं के बाद देश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

जिस सुपरमार्केट में बंधकों को रखा गया, वह कार्टाजेना के पुराने शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है। कार्टाजेना कैरेबियाई सागर के किनारे बसा एक प्रमुख पर्यटन शहर है। यहां लगभग 500 साल पुरानी ऐतिहासिक किलेबंदी और दीवारें मौजूद हैं। हर साल बड़ी संख्या में विदेशी और स्थानीय पर्यटक यहां घूमने पहुंचते हैं।

ऐसे पर्यटन स्थल पर दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this story

Tags