Samachar Nama
×

गुना के मंच से निकले बोल ने मचाया बवाल, माता सीता पर टिप्पणी को लेकर घिरे BJP विधायक, वायरल हुआ वीडियो

गुना के मंच से निकले बोल ने मचाया बवाल, माता सीता पर टिप्पणी को लेकर घिरे BJP विधायक, वायरल हुआ वीडियो


मध्य प्रदेश के गुना से बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गुना में आयोजित बलराम महोत्सव के दौरान रामायण और महाभारत के प्रसंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने माता सीता के संदर्भ में ‘मौत का सामान’ शब्द का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही उन्होंने युद्धों में महिलाओं की मौत नहीं होने और पुरुषों के मारे जाने की बात कही। उनके बयान पर मंच पर मौजूद बीजेपी की ही चाचौड़ा विधायक प्रियंका पैंची ने तत्काल आपत्ति जताई। 


मंच पर ही महिला विधायक ने किया विरोध

कार्यक्रम के दौरान पन्नालाल शाक्य रामायण में सीता हरण और उसके बाद हुए युद्ध का उदाहरण दे रहे थे। उन्होंने कहा कि रावण को उसके भाई समेत कई लोगों ने समझाया था कि पराई स्त्री को लेकर आना ‘मौत का सामान’ है और उसे सम्मान के साथ वापस भेज देना चाहिए।

इसके बाद उन्होंने दावा किया कि उस युद्ध में महिलाएं नहीं मरीं, बल्कि पुरुषों की मौत हुई। उन्होंने इसी तर्क को महाभारत और पृथ्वीराज चौहान-संयोगिता के प्रसंग से भी जोड़ दिया। 


 



प्रियंका पैंची ने कहा- महिलाओं ने भी बलिदान दिया है

शाक्य की बात पर मंच पर मौजूद चाचौड़ा से बीजेपी विधायक प्रियंका पैंची ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह बात सही नहीं है और महिलाओं ने भी बलिदान दिए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मंच पर ही तीखी बहस जैसी स्थिति बन गई। 


वीडियो में पैंची को शाक्य की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए देखा गया। शाक्य ने अपनी बात पर कायम रहते हुए उन्हें अपनी बात पूरी करने देने और बैठने के लिए कहा। 

बयान के बाद बढ़ा राजनीतिक विवाद

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीजेपी विधायक के बयान को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कांग्रेस समेत कई लोगों ने इसे महिलाओं और माता सीता के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी बताते हुए आलोचना की और कार्रवाई की मांग की। 


वहीं, पन्नालाल शाक्य ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उनका कहना था कि वह रामायण और इतिहास के प्रसंगों के जरिए अपने तर्क को समझाने की कोशिश कर रहे थे। 


फिलहाल, माता सीता को लेकर की गई टिप्पणी और मंच पर बीजेपी की ही महिला विधायक द्वारा जताए गए विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
 

Share this story

Tags