ना स्विट्जरलैंड, ना लंदन ये है भारत का सबसे महंगा और आलिशान होटल, जहां एक रात किराए में ही खत्म हो जाएगी 12 महीने की कमाई

आपके हिसाब से लग्जरी होटल में एक रात का सबसे ज्यादा किराया क्या हो सकता है? क्या यह इतना हो सकता है कि एक आम आदमी की पूरी 12 महीने की सैलरी के बराबर हो? तो जनाब, राजा-रजवाड़ों की धरती राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ऐसा होटल है, जहां एक रात का किराया देने में पूरी 12 महीने की सैलरी खर्च हो जाएगी। इस मामले में यह स्विट्जरलैंड, लंदन, लास वेगास के होटलों से भी आगे है और दुनिया में नंबर-1 है। जी हां, हम बात कर रहे हैं जयपुर के रामबाग पैलेस होटल की। इस लग्जरी होटल को ट्रैवल पोर्टल ट्रिप एडवाइजर की 'ट्रैवलर्स चॉइस वर्ल्ड बेस्ट ऑफ बेस्ट होटल्स लिस्ट-2023' में दुनिया का नंबर-1 होटल चुना गया है। इस होटल का मालिक कोई और नहीं बल्कि टाटा ग्रुप है, जो 'ताज होटल' चलाता है।
'महाराजा' की तरह जिंदगी जीने का अनुभव
अगर आप जानना चाहते हैं कि महाराजा की तरह जिंदगी कैसे जी जाती है, तो आप इस होटल में एक रात बिताकर इसका अहसास कर सकते हैं। इस हेरिटेज होटल में एक रात का किराया 10 लाख रुपये तक हो सकता है, जो भारत के करोड़ों लोगों की 12 महीने की सैलरी के बराबर है। अगर आप इस होटल के 'सुख निवास' सुइट में रुकना चाहते हैं, तो आपको एक रात के लिए 10 लाख रुपये तक चुकाने पड़ सकते हैं। अगर आप किस्मत वाले हैं, तो ऑफ सीजन में भी आपको इस सुइट में एक रात रुकने के लिए 4.7 लाख रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
यह कभी महारानी गायत्री देवी का निवास स्थान था
रामबाग पैलेस कभी जयपुर राजघराने का गेस्ट हाउस हुआ करता था। जयपुर राजघराने से जुड़े राजा-महाराजा इसका इस्तेमाल शिकारगाह के तौर पर करते थे। इसका निर्माण वर्ष 1835 में हुआ था। जयपुर के महाराजा सवाई मान सिंह-द्वितीय और महारानी गायत्री देवी इस महल को अपने निवास के तौर पर इस्तेमाल करते थे।
बाद में इसे लग्जरी हेरिटेज होटल में बदल दिया गया। इसे चलाने की जिम्मेदारी टाटा ग्रुप को दी गई। आज इस होटल में 70 से ज्यादा लग्जरी कमरे हैं। यहां के प्रेसिडेंशियल सुइट को 'सुख निवास' के नाम से जाना जाता है। इस होटल में सुवर्ण महल, स्टीम, वेरंडा कैफे, राजपूत रूम और पोलो बार जैसे रेस्तरां भी उपलब्ध हैं।