दुबई की तर्ज पर अयोध्या के सरयू नदी में चलेगा क्रूज़, फाइव स्टार होटल जैसी मिलेगी सुविधा

क्रूज का संचालन नया घाट से गुप्तार घाट तक करीब 15 किमी के क्षेत्र में किया जाएगा। एक साथ डेढ़ सौ पर्यटक बैठकर इसका लुत्फ उठा सकते हैं। साथ ही इसमें आठ से 12 कमरे होंगे। इस क्रूज में फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रत्येक दौरे में 15 मिनट का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा क्रूज में सफर करने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को ऑडियो और वीडियो के जरिए अयोध्या की संस्कृति और सभ्यता से रूबरू कराया जाएगा। भगवान राम के जीवन पर आधारित एक लघुकथा भी सुनाई जाएगी ताकि देश-दुनिया के लोग भगवान राम की संस्कृति और सभ्यता को जान सकें। पर्यटन विभाग के मुताबिक दीपोत्सव तक अयोध्या आने वाले पर्यटकों के लिए यह सुविधा शुरू की जाएगी।
दो कंपनियां क्रूज का निर्माण कर रही हैंपर्यटन विभाग के उप निदेशक आरपी यादव ने बताया कि अयोध्या में दो कंपनियां आई हैं जो क्रूज बना रही हैं। नए घाट के पास पर्यटन विभाग की दो एकड़ जमीन पर क्रूज बनेगा। पर्यटक दुबई की तर्ज पर अयोध्या में क्रूज का लुत्फ उठा सकते हैं। क्रूज में फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं मिलेंगी।इसके अलावा इसमें प्राकृतिक नजारे भी दिखाए जाएंगे। इतना ही नहीं यह योजना अयोध्या में पर्यटन को बढ़ावा देने में कारगर साबित होगी। भविष्य में इस योजना से रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चाहते हैं कि अयोध्या धार्मिक महत्व के अलावा पर्यटन की दृष्टि से भी जानी और पहचानी जाए.