
ट्रेवल न्यूज़ डेस्क - महाराष्ट्र का नाम आते ही सबसे पहले दिमाग में राजधानी मुंबई का नाम आता है। वैसे तो महाराष्ट्र में घूमने के लिए मुंबई और पुणे जैसे कई शानदार शहर हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि महाराष्ट्र के मशहूर शहर नागपुर की खूबसूरती भी किसी से कम नहीं है। ऐसे में आप महाराष्ट्र घूमने के दौरान नागपुर की कुछ जगहों पर जाकर अपनी यात्रा को यादगार बना सकते हैं। नागपुर को महाराष्ट्र की शीतकालीन राजधानी कहा जाता है। वहीं, देश के तीसरे सबसे बड़े शहर नागपुर में घूमने की कई बेहतरीन जगहें हैं। ऐसे में आपके लिए खासतौर पर सर्दियों के दौरान नागपुर घूमने का प्लान बनाना सबसे अच्छा हो सकता है। तो आइए जानते हैं नागपुर में घूमने की कुछ खास जगहों के बारे में।
दीक्षाभूमि स्तूप
नागपुर में स्थित दीक्षाभूमि स्तूप बौद्ध धर्म के खूबसूरत स्मारकों में गिना जाता है। बलुआ पत्थर, सफेद संगमरमर और ग्रेनाइट से बना यह 120 फीट ऊंचा स्तूप एशिया का सबसे बड़ा स्तूप है। बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर ने इसी स्थान पर बौद्ध धर्म अपना लिया था। जिसके बाद दीक्षाभूमि स्तूप का निर्माण किया गया। वहीं, स्तूप परिसर में भगवान बुद्ध की एक सुंदर प्रतिमा भी स्थापित की गई है।
रामटेक किला
नागपुर के मुख्य शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित रामटेक किला पहाड़ियों के बीच में स्थित है। ऐसा माना जाता है कि भगवान राम ने अपने वनवास के दौरान कुछ समय के लिए इस स्थान पर विश्राम किया था। जिसके कारण रामटेक में भगवान राम की पूजा की जाती है। वहीं, रामटेक किला भी नागपुर का सबसे अच्छा पिकनिक स्पॉट माना जाता है।
ड्रैगन पैलेस मंदिर
नागपुर शहर से 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ड्रैगन पैलेस मंदिर देश के सबसे खूबसूरत मंदिरों में से एक है। भगवान बुद्ध की पूजा के लिए मशहूर इस मंदिर का निर्माण 1999 में जापान की ओगावा सोसाइटी ने करवाया था। वहीं, मंदिर के अंदर चंदन से बनी बुद्ध की भव्य प्रतिमा भी विराजमान है। साथ ही मंदिर के बाहर बना खूबसूरत बगीचा पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है।
अक्षरधाम मंदिर
नागपुर के रिंग रोड पर स्थित अक्षरधाम मंदिर भी यहां आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद है। इस मंदिर का निर्माण हाल ही में किया गया है। वहीं, शानदार इमारत वाले इस मंदिर में किचन, रेस्टोरेंट, पार्किंग और पार्क भी मौजूद हैं। खासकर शाम के समय रोशनी से जगमगाते मंदिर परिसर का नजारा अक्षरधाम की खूबसूरती में चार चांद लगा देता है।
लता मंगेशकर म्यूजिकल गार्डन
नागपुर की अपनी यात्रा के दौरान आप लता मंगेशकर संग्रहालय भी देख सकते हैं। नागपुर शहर से लगभग 7.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह उद्यान संगीत प्रेमियों के लिए एक आदर्श स्थान साबित हो सकता है। यहां आप लाइट्स के बीच बैठकर खूबसूरत फाउंटेन वाले गार्डन में म्यूजिक शो का लुत्फ उठा सकते हैं।