कैंची धाम के पास छुपे हुए 5 ट्रैवल स्पॉट्स! 50 किलोमीटर के दायरे में उठाएं प्राकृतिक सुंदरता का आनंद
नीम करौली धाम, जिसे कैंची धाम के नाम से भी जाना जाता है, देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भक्तों के बीच काफी प्रसिद्ध है। यहां आम श्रद्धालुओं के साथ कई सेलिब्रिटी भी बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ यह जगह अपने आसपास की हरियाली और पहाड़ी खूबसूरती के लिए भी जानी जाती है।
अगर आप भी इस बार कैंची धाम जाने का प्लान बना रहे हैं, तो दर्शन के साथ आसपास की कुछ शानदार जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। कैंची धाम के करीब कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जहां पहुंचकर आपकी यात्रा और भी यादगार हो सकती है।
नैनीताल है सबसे पॉपुलर टूरिस्ट स्पॉट
झीलों का शहर नैनीताल उत्तराखंड के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है। कैंची धाम से नैनीताल की दूरी करीब 17 से 20 किलोमीटर है। यहां पहुंचने के लिए आप पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कैब या अपने निजी वाहन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कैंची धाम से नैनीताल पहुंचने में आमतौर पर करीब 40 से 50 मिनट का समय लग सकता है। यहां नैनी झील, मॉल रोड और आसपास के पहाड़ी नजारे पर्यटकों को काफी आकर्षित करते हैं।
हनुमान गढ़ी मंदिर में करें दर्शन
नैनीताल में स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर भी कैंची धाम की यात्रा के दौरान घूमने के लिए अच्छी जगह है। मान्यता है कि बाबा नीम करौली इस मंदिर में अक्सर आया करते थे।
कैंची धाम से हनुमान गढ़ी की दूरी करीब 20 से 21 किलोमीटर है। भवाली के रास्ते यहां पहुंचा जा सकता है और सफर में लगभग 50 से 60 मिनट लग सकते हैं।
घोड़ाखाल गोलू देवता मंदिर
कैंची धाम से करीब 9 से 11 किलोमीटर दूर घोड़ाखाल गोलू देवता मंदिर स्थित है। उत्तराखंड में गोलू देवता को न्याय के देवता के रूप में विशेष मान्यता प्राप्त है। मंदिर के आसपास से पहाड़ों और चीड़ के घने जंगलों के खूबसूरत नजारे दिखाई देते हैं।
कैंची धाम से यहां पहुंचने में करीब 30 से 40 मिनट लग सकते हैं। आप प्राइवेट या शेयरिंग टैक्सी से मंदिर तक आसानी से पहुंच सकते हैं। पहाड़ों और जंगलों के बीच से गुजरने वाला रास्ता भी यात्रा को खास बना देता है।
नौकुचियाताल में लें प्रकृति का आनंद
कैंची धाम के दर्शन के बाद आप नौकुचियाताल भी घूमने जा सकते हैं। यह जगह धाम से करीब 22 से 23 किलोमीटर दूर है। यहां पहुंचने के लिए भवाली और भीमताल रोड का रास्ता लिया जा सकता है।
नौकुचियाताल अपनी नौ कोनों वाली खूबसूरत झील के लिए प्रसिद्ध है। यहां आप शांत वातावरण और पहाड़ी खूबसूरती का आनंद लेने के साथ कई वाटर एक्टिविटीज भी कर सकते हैं। एडवेंचर पसंद करने वाले पर्यटक यहां पैराग्लाइडिंग का मजा भी ले सकते हैं।
अगर आप कैंची धाम की यात्रा को सिर्फ दर्शन तक सीमित नहीं रखना चाहते, तो इन आसपास की जगहों को भी अपने ट्रिप प्लान में शामिल कर सकते हैं।

