Sunita Rani Birthday भारतीय महिला खिलाड़ी सुनीता रानी के जन्मदिन पर जानिए इनका जीवन परिचय
सुनीता रानी (अंग्रेज़ी: Sunita Rani, जन्म: 4 दिसंबर, 1979, संगरूर, पंजाब) भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने जून, 2005 में शानदार वापसी करते हुए 1500 मीटर दौड़ 4:20:63 में पूरी करके प्रथम स्थान प्राप्त किया था। सुनीता को राष्ट्रपति के. आर. नारायणन के द्वारा ‘अर्जुन पुरस्कार’ से सम्मानित किया जा चुका है।
सुनीता रानी का जन्म 4 दिसंबर, 1979 को संगरूर, पंजाब में हुआ था। इनके पिता का नाम राम सरूप तथा माँ का नाम संतोष रानी है। सुनीता रानी मध्यम परिवार से हैं। उनके पिता गांव के पटवारी पद से रिटायर हुए हैं। सुनीता का खेल का सफर 1994 में स्कूली जीवन से शुरू हुआ। पंजाब के संगरूर ज़िले के सुनाम में 15 वर्षीय सुनीता सोचती थी कि यह तो एक जन्मजात प्रतिभा होती है, तभी व्यक्ति दौड़कर इनाम हासिल कर पाता है। तभी उनकी सीनियर छात्रा गोल्डी रानी ने उन्हें समझाया कि दौड़ में जीतने के लिए मेहनत करो। उसी की प्रेरणा से सुनीता रानी ने ज़िला स्तर पर 1994 में 3000 मीटर की दौड़ में भाग लिया और 18 वर्ष से कम आयु वर्ग में गोल्डी के बाद द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा 16 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रथम स्थान पाया।
इसके बाद अपने पिता व भाइयों की प्रेरणा से उन्होंने अनेक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। 1995 के फेडरेशन कप में विजय प्राप्त करने के बाद वह खेल अधिकारीयों की निगाह में आई।

