Samachar Nama
×

भाजपा नेता की हत्या के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, 27 मार्च को रांची बंद का ऐलान (लीड-1)

रांची, 26 मार्च (आईएएनएस)। रांची में बुधवार शाम करीब चार बजे स्थानीय भाजपा नेता और जिला परिषद के पूर्व सदस्य अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या के खिलाफ 27 मार्च को कई राजनीतिक दलों और संगठनों ने शहर को बंद करने का ऐलान किया है।

रांची, 26 मार्च (आईएएनएस)। रांची में बुधवार शाम करीब चार बजे स्थानीय भाजपा नेता और जिला परिषद के पूर्व सदस्य अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या के खिलाफ 27 मार्च को कई राजनीतिक दलों और संगठनों ने शहर को बंद करने का ऐलान किया है।

भारतीय जनता पार्टी, आजसू पार्टी, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा और कांके महावीर मंडल ने विभिन्न वर्ग के लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की है।

घटना के बाद सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने शहर के कांके इलाके में जगह-जगह सड़क जाम कर दिया। लोग सड़क पर टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते दिखे। इस वजह से सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। कांके चौक पर तनाव को देखते हुए भारी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई।

झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अनिल टाइगर की हत्या पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्तब्ध करने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जहां न जनप्रतिनिधि सुरक्षित हैं और न ही आम नागरिक। अपराधी बेखौफ होकर जनप्रतिनिधियों पर हमला कर रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब पुलिस के अधिकारी जमीन का धंधा करेंगे और करवाएंगे, जमीन दलालों को संरक्षण देंगे तो ऐसी घटनाएं तो होंगी ही। इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह रिम्स पहुंचे तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि पूरा भाजपा परिवार स्वर्गीय टाइगर के परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। पार्टी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता को खोया है।

भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम, भानु प्रताप शाही, नीलकंठ सिंह मुंडा, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह सहित कई नेताओं ने वारदात की तीखी भर्त्सना की।

--आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

Share this story

Tags