पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' होगा, CM सुवेंदु अधिकारी का ऐलान; वीडियो में जानें इस दिन विधानसभा में आएगा प्रस्ताव
पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को इसका ऐलान किया। उन्होंने बताया कि राज्य का नाम बदलने के लिए 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होगा। यह फैसला मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया है। विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य के नाम में बदलाव को लेकर सरकार ने फैसला लिया है। अब इस पर विधानसभा में चर्चा होगी और प्रस्ताव पारित कराया जाएगा। इसके बाद केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने पर राज्य का नया नाम लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद बदलेगा नाम
राज्य का नाम बदलने के लिए केवल कैबिनेट का फैसला पर्याप्त नहीं होता। इसके लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजना जरूरी है। केंद्र की मंजूरी के बाद ही संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करके राज्य का नाम बदला जा सकता है।
सरकार के इस फैसले के बाद पश्चिम बंगाल के नाम को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और ऐतिहासिक चर्चा शुरू हो गई है। इससे पहले भी राज्य का नाम बदलने के प्रस्ताव कई बार सामने आ चुके हैं।
नाम बदलने के पीछे क्या है BJP का तर्क?
पश्चिम बंगाल का नाम 'पश्चिम बंग' करने के पीछे BJP का मुख्य तर्क राज्य की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखना बताया जा रहा है। दरअसल, 1947 में भारत के विभाजन के दौरान बंगाल भी दो हिस्सों में बंट गया था। इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा, जबकि पूर्वी हिस्सा पाकिस्तान का हिस्सा बना, जो बाद में बांग्लादेश के रूप में अलग देश बना।
बंटवारे के बाद भारत में शामिल पश्चिमी हिस्से का नाम पश्चिम बंगाल रखा गया। BJP का तर्क है कि 'पश्चिम बंग' नाम राज्य के गठन और उसके ऐतिहासिक संदर्भ को बेहतर तरीके से दर्शाता है।
पार्टी के कुछ नेताओं ने राज्य का नाम केवल 'बांग्ला' रखने पर भी आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि यह नाम बांग्लादेश से मिलता-जुलता है। ऐसे में 'पश्चिम बंग' नाम को प्राथमिकता दी गई है।
1999 और 2011 में भी उठ चुका है नाम बदलने का मुद्दा
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग नई नहीं है। इससे पहले भी 1999 और 2011 में 'पश्चिम बंगा' नाम रखने का प्रस्ताव सामने आ चुका है। हालांकि, उस समय यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।
राज्य का नाम बदलने के पीछे एक तर्क प्रशासनिक और आधिकारिक कामकाज में अंग्रेजी वर्णमाला के क्रम से भी जुड़ा रहा है। पश्चिम बंगाल का नाम अंग्रेजी में West Bengal होने के कारण कई आधिकारिक बैठकों और सूचियों में राज्य का नाम बाद में आता है।
देश में पहले भी बदले जा चुके हैं राज्यों के नाम
भारत में इससे पहले भी कई राज्यों के नाम बदले जा चुके हैं। इनमें उत्तरांचल से उत्तराखंड, उड़ीसा से ओडिशा और पांडिचेरी से पुडुचेरी जैसे बदलाव शामिल हैं। केरल का नाम बदलकर केरलम करने का प्रस्ताव भी चर्चा में रहा है।
अब पश्चिम बंगाल का नाम बदलने का प्रस्ताव विधानसभा में पेश किया जाएगा। इसके बाद सबकी नजरें विधानसभा की मंजूरी और केंद्र सरकार के फैसले पर रहेंगी।

