आसनसोल में लाउडस्पीकर विवाद के बाद भडकी हिंसा, पुलिस चौकी पर पथराव और तोड़फोड़ का वीडियो वायरल
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के प्रशासनिक निर्देश के बाद शुक्रवार रात को हालात तनावपूर्ण हो गए। रेलपार इलाके में अचानक भड़के विरोध के दौरान भीड़ ने पुलिस चौकी पर पथराव और तोड़फोड़ की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देश के बाद आसनसोल के कई इलाकों में लाउडस्पीकर की आवाज को सीमित करने के आदेश जारी किए गए थे। इसी आदेश के पालन में पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई थी और लोगों को नियमों के बारे में जागरूक किया जा रहा था।
शुक्रवार दिन में रेलपार इलाके में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत भी हुई थी। अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की थी कि लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा के भीतर ही रखी जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या नियमों का उल्लंघन न हो।
हालांकि, शाम होते-होते स्थिति अचानक बिगड़ गई। बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और कुछ लोगों ने पुलिस चौकी पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान चौकी के आसपास खड़े पुलिस और आम नागरिकों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
हालात बिगड़ने पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
स्थानीय प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा जा सके और किसी भी तरह की और हिंसा को रोका जा सके। वहीं, अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था को किसी भी हालत में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा और दोषियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

