TMC में बढ़ा सियासी संकट: 20 बागी सांसद आज ओम बिरला से करेंगे मुलाकात, ‘वीडियो में देंखे असली TMC’ की मान्यता मांगेंगे
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) में जारी अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी के 20 बागी सांसद सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करेंगे। बागी गुट खुद को ‘असली TMC’ के रूप में मान्यता देने की मांग कर सकता है।
दिल्ली पहुंचीं सायोनी घोष और माला रॉय
बागी गुट में शामिल सांसद सायोनी घोष और माला रॉय रविवार सुबह कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हुईं। दोनों नेताओं की मौजूदगी को बागी खेमे की ताकत के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान गुट अपनी राजनीतिक स्थिति और संसदीय मान्यता को लेकर औपचारिक मांग रख सकता है।
ममता ने दोनों नेताओं को पदों से हटाया
हाल ही में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सायोनी घोष और माला रॉय को पार्टी के महत्वपूर्ण पदों से हटा दिया था। सायोनी घोष टीएमसी की युवा इकाई की अध्यक्ष थीं। उनकी जगह अर्णब बनर्जी को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, माला रॉय को भी पार्टी के महिला मोर्चा अध्यक्ष पद से हटा दिया गया। ममता बनर्जी ने यह फैसला 12 जून को लिया था, हालांकि इसकी जानकारी बाद में सार्वजनिक हुई।
‘असली TMC’ को लेकर बढ़ी खींचतान
बागी सांसदों का दावा है कि उनके साथ पार्टी के कई सांसद खड़े हैं और वे संगठन के भीतर बड़े बदलाव की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान गुट अपनी अलग पहचान और संसदीय मान्यता को लेकर पक्ष रख सकता है।
बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल
टीएमसी के भीतर बढ़ते मतभेदों ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। पार्टी नेतृत्व और बागी खेमे के बीच टकराव लगातार गहराता नजर आ रहा है। अब सभी की नजरें ओम बिरला के साथ होने वाली बैठक और उसके बाद सामने आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हैं।
आगे क्या?
यदि बागी गुट को पर्याप्त सांसदों का समर्थन हासिल है और वह औपचारिक रूप से अपनी दावेदारी पेश करता है, तो यह टीएमसी के लिए बड़ा राजनीतिक संकट बन सकता है। हालांकि, पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी तक इस पूरे घटनाक्रम पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

