अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर देर रात पुलिस की छापेमारी, वीडियो में देंखे 4 घंटे चला तलाशी अभियान
पश्चिम बंगाल की सियासत में शुक्रवार देर रात उस समय हलचल मच गई, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर कोलकाता पुलिस ने छापेमारी की। यह कार्रवाई देर रात करीब 3 बजे शुरू हुई और लगभग चार घंटे तक चली।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम केंद्रीय बलों के जवानों के साथ अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। इस दौरान पुलिस अधिकारी घर के अंदर गए, जबकि केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान बाहर गेट पर तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।
हालांकि, यह छापेमारी किस मामले में की गई और पुलिस क्या तलाश कर रही थी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। घटना को लेकर पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई विस्तृत बयान भी जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई में कोलकाता पुलिस के साथ पश्चिम मेदिनीपुर जिले की पुलिस टीम भी शामिल थी। बताया जा रहा है कि पश्चिम मेदिनीपुर के सालबोनी पुलिस थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में यह तलाशी अभियान चलाया गया।
छापेमारी की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि, मामले की वास्तविक वजह और जांच से जुड़े तथ्यों का खुलासा अभी होना बाकी है। पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल, अभिषेक बनर्जी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब इस मामले में आगे होने वाले घटनाक्रम पर टिकी हुई है।

