दार्जिलिंग में हनीमून पर गई नवविवाहिता बारबेक्यू की आग में झुलसी, फुटेज में देंखे पति बचाने में घायल; केरोसिन डालने से भड़की आग
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिटोंग में गुरुवार रात एक होमस्टे में बारबेक्यू के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां खाना पकाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बारबेक्यू में अचानक आग भड़क गई। हादसे में हनीमून पर गई नवविवाहिता करीब 60 प्रतिशत झुलस गईं। पत्नी को बचाने की कोशिश में उनके पति भी आग की चपेट में आ गए और झुलस गए।घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पति समीर दास को शुरुआती इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कुकिंग ऑयल की जगह केरोसिन डालने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बारबेक्यू में कुकिंग ऑयल की जगह केरोसिन डालने के बाद आग अचानक भड़क गई। देखते ही देखते आग ने नवविवाहिता को अपनी चपेट में ले लिया। पत्नी को बचाने के लिए पति ने तुरंत कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह भी झुलस गए।हादसे के बाद परिवार की ओर से कुर्सियॉन्ग थाने में होमस्टे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दो महीने पहले हुई थी शादी
घायल दंपती की पहचान निकिता और समीर दास के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के चोपड़ा के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब दो महीने पहले ही शादी की थी। पुलिस के मुताबिक, शादी से पहले दोनों कई साल से रिश्ते में थे।शादी के बाद दोनों कुछ दिन पहले ही हनीमून के लिए दार्जिलिंग के सिटोंग पहुंचे थे। इसी दौरान वे एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। गुरुवार रात दोनों बारबेक्यू के दौरान हुए हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने होमस्टे में बारबेक्यू की व्यवस्था और इस्तेमाल किए गए ईंधन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बारबेक्यू में केरोसिन का इस्तेमाल किस परिस्थिति में किया गया और सुरक्षा के लिए होमस्टे की ओर से क्या इंतजाम किए गए थे। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल निकिता का सिलीगुड़ी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, समीर को शुरुआती उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

