पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार, वीडियो में जाने सुवेंदु अधिकारी ने ली CM पद की शपथ; PM मोदी ने बुजुर्ग कार्यकर्ता के छुए पैर
पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला, जब राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री मोदी और सुवेंदु अधिकारी ने संयुक्त रोड शो किया, जिसमें भारी संख्या में भाजपा समर्थक शामिल हुए। सड़कों पर लोगों की भीड़ और भाजपा के झंडों के बीच दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा नेताओं ने इसे “बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन का नया अध्याय” बताया।
समारोह का सबसे भावुक और चर्चित पल तब आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर पश्चिम बंगाल भाजपा के सबसे बुजुर्ग कार्यकर्ताओं में से एक माखनलाल सरकार के पैर छुए। 98 वर्षीय माखनलाल सरकार लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और जनसंघ-भाजपा की विचारधारा से जुड़े रहे हैं। प्रधानमंत्री के इस सम्मान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया और यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।माखनलाल सरकार का राजनीतिक और सामाजिक सफर भी बेहद प्रेरणादायक माना जाता है। वे मात्र 16 साल की उम्र में RSS से जुड़ गए थे। वर्ष 1952 में वे जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन में शामिल हुए थे। उस दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। भाजपा नेताओं ने उन्हें पार्टी के संघर्ष और समर्पण का प्रतीक बताया।
सिर्फ वैचारिक रूप से ही नहीं, संगठन के विस्तार में भी माखनलाल सरकार की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने अपने गृहनगर सिलिगुड़ी में एक ही साल में करीब 10 हजार नए सदस्यों को भाजपा से जोड़ा। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पहचान एक समर्पित और जमीनी नेता की रही है।शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से बड़ा बदलाव माना जा रहा है। लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी राजनीति के प्रभाव वाले राज्य में भाजपा की यह जीत ऐतिहासिक मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के विकास, उद्योग, रोजगार और कानून व्यवस्था को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ काम करेगी और बंगाल को नई दिशा देने का प्रयास करेगी।

