
उत्तराखंड भाजपा का नया मुखिया कौन होगा, क्या पार्टी मौजूदा अध्यक्ष को मौका देगी या कोई नया चेहरा लाएगी, तीन दिन बाद ऐसे सवालों से पर्दा हट जाएगा। नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के मद्देनजर क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों को भी साधा जाना है। अब पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। बताया गया कि चुनाव प्रक्रिया की तिथि जल्द ही तय की जाएगी और एक जुलाई को नए अध्यक्ष का चयन कर लिया जाएगा। पार्टी के संविधान के अनुसार 50 प्रतिशत से अधिक मंडल और जिला इकाइयों के गठन के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होता है। इस लिहाज से भाजपा ने प्रदेश में 50 प्रतिशत से अधिक मंडल इकाइयों का गठन कर लिया है।
तना ही नहीं 19 संगठनात्मक जिला इकाइयों में से 18 के अध्यक्ष घोषित कर दिए गए हैं। ऐसे में अब सबकी निगाहें नए प्रदेश अध्यक्ष पर टिकी हैं। राज्य गठन से लेकर अब तक के कालखंड पर नजर डालें तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण काफी अहम होते हैं। पार्टी के सत्ता में रहने पर अगर मुख्यमंत्री कुमाऊं से होता है तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष गढ़वाल से होगा। यह भी देखा जाता है कि अगर मुख्यमंत्री ठाकुर है तो प्रदेश अध्यक्ष ब्राह्मण होगा। इन सभी मानदंडों को ध्यान में रखते हुए पार्टी काफी समय से मंथन कर रही थी, लेकिन विभिन्न कारणों से अध्यक्ष पद का चुनाव लटक रहा था।
अभी तक प्रदेश अध्यक्ष के लिए जिन नामों पर चर्चा हुई है, उनमें विधायक विनोद चमोली, निवर्तमान व वरिष्ठ नेता ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के अलावा मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट शामिल हैं। अब पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने जा रही है। इसी कड़ी में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी खजानदास के अनुसार प्रदेश में पार्टी की बूथ, मंडल व जिला इकाइयों के अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब केंद्रीय चुनाव अधिकारी मल्होत्रा प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के लिए निर्धारित आठ सदस्यों के नामों के चयन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय चुनाव अधिकारी की सहमति से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन और अन्य प्रक्रियाओं की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा एक जुलाई तक होने की संभावना है।