उत्तर भारत में मौसम का कहर! कोहरा और शीतलहर के बीच बारिश की दस्तक, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 2-3 दिनों के दौरान मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा, अगले 2-3 दिनों के दौरान राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति रहने की संभावना है।
बारिश कहाँ होगी?
10-11 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में, 10 जनवरी को उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में, और 11-14 जनवरी तक राजस्थान में शीतलहर की स्थिति रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, 10-11 जनवरी को अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली का मौसम
IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR सहित उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को दिल्ली में इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा, जिसमें न्यूनतम तापमान अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुँच गया। कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई।
उत्तर प्रदेश में राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में उत्तर प्रदेश के लोगों को कड़ाके की ठंड और कोहरे से कुछ राहत मिलने की संभावना है। धूप निकलने से कोहरे और ठंड में कमी आएगी। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की भी उम्मीद है। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर के कारण कई जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में कड़ाके की शीतलहर देखी गई। शुक्रवार को बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा। पालमपुर, सोलन, मनाली, नारकंडा, रेकोंग पेओ और टैबो में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी शिमला और समदो में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

