देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। Delhi में शुक्रवार का दिन पिछले छह वर्षों में मार्च का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग क्षेत्र में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह गिरावट लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के कारण देखने को मिली है। इससे पहले मार्च 2020 में 8 मार्च को तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
India Meteorological Department ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कुछ इलाकों में बादल और हल्की बारिश की संभावना से तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है।
तेज हवाओं और बारिश के चलते राजधानी में लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।

