उत्तराखंड महिला कॉन्स्टेबल भर्ती में बढ़ी पदों की संख्या, 526 की जगह अब इतनी पोस्ट पर होगी भर्ती
उत्तराखंड में महिला पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के स्वीकृत पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से महिला आरक्षियों के पदों में 1474 की बढ़ोतरी का रास्ता साफ हुआ है। सरकार का कहना है कि इस कदम से पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनके सेवा संबंधी अवसरों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
526 से बढ़कर 2000 होंगे महिला आरक्षियों के पद
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। वर्तमान में इन पदों की स्वीकृत संख्या 526 है, जिसे बढ़ाकर 2000 करने का प्रस्ताव है। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पदों को पुलिस की अन्य शाखाओं और संवर्गों में पहले से स्वीकृत पदों के पुनर्समायोजन के जरिए शामिल किया जाएगा।
बिना अतिरिक्त वित्तीय बोझ के होगा समायोजन
इस प्रस्ताव की खास बात यह है कि इसके लिए कुल स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाने या सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालने की योजना नहीं है। अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों का पुनर्समायोजन करके यह व्यवस्था की जाएगी।
कार्मिक विभाग ने प्रस्ताव पर कुछ शर्तों के साथ सहमति दी है। इनमें वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और उनके भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव प्रस्तुत करना शामिल है।
महिला पुलिसकर्मियों को मिलेगा लाभ
सरकार के मुताबिक, इस फैसले का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर सेवा अवसर उपलब्ध कराना और उनके करियर में आगे बढ़ने के रास्ते तैयार करना है। इससे जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों का ढांचा व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही है। महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर अवसर देना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना भी सरकार के उद्देश्यों में शामिल है।
क्या नई भर्ती में भी बढ़ेंगी वैकेंसी?
यहां एक महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है। पदों की स्वीकृत संख्या 2000 होने का मतलब यह नहीं है कि 2000 नई भर्तियों का विज्ञापन जारी हो गया है। यह फैसला जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों के पुनर्गठन और समायोजन से संबंधित है। नई भर्ती में कितने पदों पर आवेदन मांगे जाएंगे, इसकी पुष्टि अलग भर्ती अधिसूचना जारी होने पर ही होगी।
फिलहाल, मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद विभागीय समायोजन और उच्चतर पदों के पुनर्गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। भर्ती की तैयारी कर रही अभ्यर्थियों को नई वैकेंसी, पात्रता, आयु सीमा और आवेदन की तारीखों के लिए उत्तराखंड पुलिस भर्ती से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना पर नजर रखनी चाहिए।

