केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पहुंचे उत्तराखंड, गुंजी में PHC का निरीक्षण और होम स्टे का भ्रमण करेंगे

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज उत्तराखंड पहुंचे हैं। देहरादून एयरपोर्ट पर सीएम धामी और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वह सीमांत जिले पिथौरागढ़ के वाइब्रेंट विलेज का दौरा करने उत्तराखंड पहुंचे हैं। वह सबसे पहले जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट पर वाइब्रेंट विलेज के तहत प्रस्तावित कार्यों का प्रेजेंटेशन देखेंगे। वह वाइब्रेंट विलेज गुंजी में रात्रि विश्राम करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नड्डा के दौरे का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि जेपी नड्डा पिथौरागढ़ के गुंजी जाएंगे। जहां वह गुंजी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही वह ज्योलिंगकोंग से आदि कैलाश और गुंजी में महिला महासंघ द्वारा संचालित होम स्टे का दौरा करेंगे। वाइब्रेंट विलेज गुंजी में रात्रि विश्राम करने के बाद अगले दिन वह देहरादून होते हुए दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भट्ट ने कहा कि उनके और आदि कैलाश के गुंजी दौरे से सीमांत क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। विकास योजनाओं की उनकी समीक्षा से इन परियोजनाओं की गति तेज और प्रभावी होगी। स्वास्थ्य मंत्री का महिला स्वयं सहायता संगठनों द्वारा संचालित कार्यस्थलों का दौरा महिला सशक्तिकरण के लिए मनोबल बढ़ाने वाला होगा।
हम सौभाग्यशाली हैं कि सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए चलाई जा रही पीएम मोदी की वाइब्रेंट विलेज योजना का सबसे अधिक लाभ देवभूमि को मिल रहा है। विकास और सीमाओं को मजबूत करने की अपनी नीति के तहत पीएम मोदी खुद समय-समय पर समीक्षा के लिए आते रहते हैं। ऐसे में नड्डा जैसे केंद्रीय मंत्रियों का वाइब्रेंट विलेज का एक-एक दौरा यहां के विकास कार्यों को नई गति देने का काम करता है।