22 साल साथ रहे, तब क्यों नहीं आई भ्रष्टाचार की याद; मंत्री रेखा आर्या और पति के झगड़े पर CM धामी
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी द्वारा रेखा पर भ्रष्टाचार के आरोपों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना स्टैंड साफ कर दिया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि यह मुद्दा जांच का विषय है। यह दंपति 22 साल से साथ साथ रह रहा है। तब भला यह बात क्यों नहीं आई? अब भ्रष्टाचार का आरोप क्यों लगाया गया है? किसी भी आरोप की सत्यता जांच के बाद ही सामने आती है।
मालूम हो कि आर्या ने कुछ दिन पहले अपने पति गिरधारी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर कराई है। एससी-एसटी एक्ट के साथ ही जाली दस्तावेजों के जरिए एक कंपनी से उन्हें बाहर करने का आरोप लगाया है। इसके अगले ही दिन गिरधारी ने रेखा पर 210 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने को आरेाप लगा दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में कानून अपना काम कर रहा है।
ऑडियो में किसी का नाम आ जाने भर से उसे दोषी नहीं माना जा सकता। गुनहगार वहीं होगा,जिसने गुनाह किया है। ऐसा नहीं हो कि जिसे कोई अपने राजनीतिक लाभ के लिए दोषी ठहराना चाहेगा, उसे ही दोषी मान लिया जाए। जिसे कानून गुनहगार मानता है, वहीं गुनहगार होगा। सभी ऑडियों की जांच चल रही है।
रेखा आर्या का दावा- ऑडियो सबूत सच्चे
उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। दोनों की ओर से सामने आए आरोपों और बयानों के बीच अब कथित ऑडियो की सत्यता पर अस्पताल में भर्ती रेखा आर्या ने कुछ इलेक्ट्रॉनिक चैनलों से बातचीत के दौरान अपने इष्ट देव भगवान गोल्ज्यू की शपथ लेते हुए दावा किया कि उनके द्वारा साझा किया गया ऑडियो सौ प्रतिशत सच है। उन्होंने ऑडियो में किसी तरह की बनावट या मिलावट होने से इनकार करते हुए इसे एआई से तैयार किए जाने के दावे को भी खारिज किया।
कई बसपा कार्यकर्ता भाजपा से जुड़े
हरिद्वार में बसपा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता ग्रहण कराई। भट्ट ने कहा कि जिस प्रकार हरिद्वार के लोग भाजपा में शामिल हुए हैं, उससे हरिद्वार में भाजपा ऐतिहासिक प्रदर्शन करेगी। लोग दूसरेे दलों में पीढ़ियों का साथ छोड़ भाजपा में आ रहे हैं।

