उत्तराखंड में कल भारी बारिश का रेड अलर्ट, 5 जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी; जानें जिलों का हाल
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 सितंबर को राज्य के पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पांच जिलों में ऑरेंज और तीन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बेहद भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका जताई है।
इन पांच जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में रेड अलर्ट रहेगा। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी संभावना है।वहीं देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल के लिए येलो अलर्ट है।
27 सितंबर को भी कई जिलों में रेड अलर्ट
बारिश का खतरा सिर्फ 26 सितंबर तक सीमित नहीं है। 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भूस्खलन और जलभराव का खतरा
भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बढ़ सकता है। वहीं नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने तथा मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है। मौसम विभाग ने 28 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने और राहत-बचाव की तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा और पहाड़ी इलाकों में जाने वाले यात्रियों एवं पर्यटकों से मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।ऐसे में उत्तराखंड जाने की योजना बना रहे लोगों को मौसम का ताजा अपडेट लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

