मैदान में चढ़ा पारा तो पहाड़ों में ठंडक बरकरार, आज कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड (Uttarakhand Weather Today) में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक पिछले कुछ दिनों में खूब बारिश हुई है, लेकिन पिछले दो दिनों से राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे दिन में वातावरण में उमस बनी हुई है. देहरादून में मंगलवार को भीषण गर्मी रही और पारा 36 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। हालांकि सूरज चमक रहा था, लेकिन लोग उच्च तापमान के कारण गर्मी से परेशान दिख रहे थे। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि बुधवार और गुरुवार को तापमान 36 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आज (बुधवार) उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होने की संभावना है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि राज्य में एक सप्ताह तक हुई बारिश के बाद मैदानी इलाकों में तापमान एक बार फिर बढ़ने लगा है। एक ओर पहाड़ी जिलों में बारिश हो रही है, जिससे यहां का मौसम ठंडा है, वहीं दूसरी ओर मैदानी जिलों में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। पिछले दो दिनों से मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। देहरादून के साथ ही रुद्रपुर, काशीपुर, ऋषिकेश, हरिद्वार, विकासनगर और रूड़की में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई।
पंतनगर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधम सिंह नगर जिले के पंतनगर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल देहरादून में सुबह से ही तेज धूप रही, लेकिन शाम को तेज हवाओं ने गर्मी से कुछ राहत दिलाई। उन्होंने बताया कि आज रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। देहरादून में आज आसमान साफ रहने की उम्मीद है। देहरादून में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.2 सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल देहरादून का वायु गुणवत्ता सूचकांक (देहरादून AQI) 122 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।