टिहरी गढ़वाल में बड़ा हादसा टला, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे तकनीकी खराबी के बाद हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी 7 यात्री सुरक्षित
बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहे श्रद्धालुओं को लेकर जा रहे एक हेलिकॉप्टर को बुधवार सुबह टिहरी गढ़वाल में तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस दौरान बड़ा हादसा टल गया और हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर अचानक असंतुलित (अनबैलेंस) होने लगा, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। आपात परिस्थिति को देखते हुए हेलिकॉप्टर की महिला पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे पास के खेत में सुरक्षित लैंड कराने का निर्णय लिया।
हालांकि, लैंडिंग के दौरान एक और खतरा सामने आ गया जब हेलिकॉप्टर का पिछला हिस्सा 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गया। इस टक्कर के कारण हेलिकॉप्टर को हल्का नुकसान पहुंचा, लेकिन पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सुरक्षित लैंडिंग पूरी की।
हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल 7 यात्री सवार थे। राहत की बात यह है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। सभी यात्री दिल्ली के पंजाबी बाग निवासी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जो धार्मिक यात्रा पर बद्रीनाथ धाम गए थे।
यह घटना सुबह करीब पौने 9 बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें प्राथमिक जांच के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि तकनीकी खराबी का कारण क्या था और उड़ान सुरक्षा में कोई चूक तो नहीं हुई। प्रारंभिक तौर पर पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय को लेकर सराहना की जा रही है, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में हवाई यात्रा के दौरान सुरक्षा और तकनीकी जांच की अहमियत को उजागर करती है।

