Samachar Nama
×

देश के बेस्ट मुख्यमंत्री सर्वे में योगी पहले, उत्तराखंड के CM धामी 881 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर

देश के बेस्ट मुख्यमंत्री सर्वे में योगी पहले, उत्तराखंड के CM धामी 881 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर

देश के मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग को लेकर फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट ने संयुक्त रूप से 'बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026' जारी किया है। इस सर्वे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 897 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 881 अंकों के साथ दूसरे और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे हैं। सर्वे में कुल 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया।

10 प्रमुख मानकों पर किया गया मूल्यांकन

सर्वे में मुख्यमंत्रियों के नेतृत्व, प्रशासनिक क्षमता, कार्यशैली, जनस्वीकार्यता और शासन के विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया गया। इसके लिए 10 प्रमुख मानक तय किए गए थे। इनमें सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता तथा कार्यशैली और परिणाम शामिल हैं।

सर्वे आयोजकों के मुताबिक, सुशासन के तहत पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की गुणवत्ता को परखा गया। वहीं, कानून-व्यवस्था के आकलन में नागरिकों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण जैसे पहलुओं को शामिल किया गया। मुख्यमंत्रियों की नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता और जनता के बीच विश्वसनीयता भी मूल्यांकन का हिस्सा रही।

तीन से चार महीने तक चली सर्वे प्रक्रिया

फेम इंडिया और एशिया पोस्ट का यह सर्वे करीब तीन से चार महीने तक चला। इसकी प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की गई। पहले चरण में सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया में मुख्यमंत्रियों को लेकर सामने आई प्रतिक्रियाओं, चर्चाओं और जनधारणाओं का अध्ययन किया गया।

दूसरे चरण में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, बुद्धिजीवियों और विशेषज्ञों की राय शामिल की गई। तीसरे चरण में आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनके विचार और अनुभव जानने का दावा किया गया। इन तीनों चरणों से मिले आंकड़ों और प्रतिक्रियाओं के विश्लेषण के बाद 1000 अंकों के पैमाने पर अंतिम रैंकिंग तैयार की गई।

टॉप-10 में इन मुख्यमंत्रियों को मिली जगह

सर्वे में 1000 में से प्राप्त अंकों के आधार पर शीर्ष 10 मुख्यमंत्रियों को 'बेस्ट चीफ मिनिस्टर' श्रेणी में रखा गया है।

  1. योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश) – 897 अंक

  2. पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड) – 881 अंक

  3. हिमंत बिस्वा सरमा (असम) – 874 अंक

  4. भगवंत मान (पंजाब) – 856 अंक

  5. हेमंत सोरेन (झारखंड) – 844 अंक

  6. एन. चंद्रबाबू नायडू (आंध्र प्रदेश) – 842 अंक

  7. प्रेम सिंह तमांग (सिक्किम) – 838 अंक

  8. ए. रेवंत रेड्डी (तेलंगाना) – 827 अंक

  9. डॉ. मोहन यादव (मध्य प्रदेश) – 803 अंक

  10. कॉनराड संगमा (मेघालय) – 802 अंक।

    सर्वे की दूसरी श्रेणी 'मुख्यमंत्री पंचरत्न' में 11वें से 15वें स्थान तक के मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया। इसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 788 अंकों के साथ 11वें, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 768 अंकों के साथ 12वें, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला 766 अंकों के साथ 13वें, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल 760 अंकों के साथ 14वें और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 746 अंकों के साथ 15वें स्थान पर रहे।

यह रैंकिंग सर्वे आयोजकों की ओर से निर्धारित मानकों और उनकी सर्वे प्रक्रिया पर आधारित है। इसे सभी मुख्यमंत्रियों के प्रदर्शन का आधिकारिक सरकारी मूल्यांकन नहीं माना जाना चाहिए।

Share this story

Tags