Samachar Nama
×

हल्द्वानी के होटल में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, एबीवीपी के पूर्व छात्रसंघ प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत 4 गिरफ्तार

हल्द्वानी के होटल में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, एबीवीपी के पूर्व छात्रसंघ प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत 4 गिरफ्तार

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके धीरज बिष्ट समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की पहचान नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु बोनी के रूप में हुई है। आरोप है कि चारों युवकों ने मुखानी कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में किशोरी को डराकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

घर से घूमने निकली थी किशोरी

जानकारी के अनुसार, पीड़िता हल्द्वानी की रहने वाली है। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। किशोरी घर से घूमने के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इस पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

बाद में परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद वे मुखानी थाने पहुंचे और चार युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि युवक किशोरी को बहलाकर और डराकर मुखानी क्षेत्र के एक होटल में ले गए थे। वहां उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाए गए।

धीरज बिष्ट समेत चारों आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में धीरज बिष्ट भी शामिल है, जिसने हाल ही में एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह चुनाव हार गया था।

होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद होटल परिसर का निरीक्षण किया गया। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। शुरुआती जांच में घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज से शिकायत में लगाए गए आरोपों को समर्थन मिलने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। वहीं, पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। मामले में संबंधित कानूनी धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एबीवीपी ने भी की कार्रवाई की मांग

घटना सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी इसकी निंदा की है। संगठन के उत्तराखंड प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने कहा कि परिषद पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की पहचान और निजता सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने मामले से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों को सार्वजनिक नहीं किया है।

Share this story

Tags