हरकी पैड़ी पर शराब के नशे में युवकों का हंगामा, वीडियो में देंखे महिलाओं से बदसलूकी; पुलिस ने चारों को हिरासत में लिया
उत्तराखंड के पवित्र तीर्थ स्थल हरिद्वार में स्थित हरकी पैड़ी पर मंगलवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब शराब के नशे में धुत चार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि सभी युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और उन्होंने घाट परिसर व आसपास के बाजार क्षेत्र में अशोभनीय हरकतें कीं, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों युवक देर रात हरकी पैड़ी पहुंचे थे और नशे की हालत में गंगा घाट पर जोर-जोर से चिल्लाने लगे। इसी दौरान गंगा में नहाते समय दो युवक आपस में अश्लील हरकतें करते नजर आए। वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने जब उन्हें टोका तो वे बहस करने लगे और बदसलूकी पर उतर आए।
मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि घाट से निकलने के बाद चारों युवक बाजार में लड़खड़ाते हुए घूमते रहे और कई महिलाओं को जानबूझकर कंधे मारे। कुछ महिलाओं ने उनके खिलाफ बैड टच और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवकों ने दुकानदारों के साथ भी दुर्व्यवहार किया और कुछ दुकानों के सामने लात मारकर हंगामा किया।
घटना के दौरान वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। श्रद्धालुओं और दुकानदारों ने तुरंत रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और सुरक्षा बल ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस घटना से जुड़े कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में कुछ युवक हरकी पैड़ी पर अशोभनीय हरकतें करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा बढ़ गया है और सोशल मीडिया पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
हरिद्वार पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल जांच और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही महिलाओं से बदसलूकी और सार्वजनिक स्थान पर अशांति फैलाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरकी पैड़ी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इस तरह की घटनाएं धार्मिक स्थल की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं। व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों ने प्रशासन से मांग की है कि घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
गौरतलब है कि हरिद्वार में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन धार्मिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दावा करता रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

